थाईलैंड में लोहरदगा आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने दिखाया दम

खेल झारखंड
Spread the love

  • राष्ट्रीय टीम की ओर से खेलते हुए 4 स्वर्ण और 3 रजत पदक झटके

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। थाईलैंड में अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता खेलने गयीं लोहरदगा जिले के आवासीय विद्यालय के छात्राओं ने जिला, झारखंड समेत पूरे देश का मान बढ़ाया है। लोहरदगा जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय और झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने थाईलैंड भारत की ओर से खेलते हुए 4 स्वर्ण पदक और 3 रजत पदक झटके हैं।

देहरादून में 20 मई से 22 मई, 23 तक आयोजित राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता लोहरदगा जिले की 7 बालिका खिलाड़ियों का चयन हुआ था। वे 25 जून से 28 जून, 2023 तक OKKF थाईलैंड में हुई अंतर्राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में हिस्‍सा ली थीं।

चयनित छात्राओं में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कुडू की 3 छात्राएं कुमकुम कुमारी, अनामिका उरांव, रोशनी उरांव थीं। झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय कैरो की जूही कुमारी, सुनेहा कुमारी, अंजली तिर्की और प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल कुडू की मरियम प्रवीण शामिल थीं। इससे पूर्व सभी ने राष्ट्रीय टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक प्राप्त किये थे।

जिला कराटे संघ लोहरदगा के जिलाध्यक्ष सह प्रमुख कोच सेंसई अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में 22 जून, 23 को थाईलैंड के लिए समाहरणालय परिसर उपायुक्त डॉ बाघमारे प्रसाद कृष्‍ण ने रवाना किया था।

थाईलैंड में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में थाईलैंड, मलेशिया, भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, और भूटान ने हिस्सा लिया। भारत के अलग राज्यों से 28 खिलाडियों ने भाग लिया। इसमें झारखंड से केवल लोहरदगा जिले की 7 बालिका खिलाड़ियों ने ही भाग लिया।

विजेता टीम के खिलाड़ी 30 जून, 2023 को लोहरदगा पहुंचेगी।