बिहार, झारखंड, गोवा और एमपी को आज वंदे भारत ट्रेनों की मिलेगी सौगात, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां से दिखाएंगे हरी झंडी

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखकर भारतीय रेलवे देशभर में तेजी से वंदे भारत ट्रेनों का जाल बिछा रहा है। रेलवे के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा, जब देश को एक साथ पांच ट्रेनों (वंदे भारत एक्सप्रेस) की सौगात मिलने जा रही हो।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 27 जून को एक साथ पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों (Vande Bharat Express Trains) को हरी झंडी दिखाएंगे।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून (मंगलवार) को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे।

इस दौरान भोपाल के कमलापति रेलवे स्टेशन से वह एक ही साथ देश को 5 वंदे भारत ट्रेनों की सौगात देंगे। इनमें रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, खजुराहो-भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस, मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस, धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस और रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। आइये दैनिक भारत 24.कॉम के माध्यम से जानते हैं, किस-किस राज्य और किस रूट पर इन ट्रेनों की सौगात मिलने जा रही है।

जानें इन 5 रूटों पर शुरू होंगी वंदे भारत ट्रेनें

  • भोपाल से रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस: मध्य प्रदेश में रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस भोपाल और जबलपुर को एक दूसरे कनेक्ट करेगी। यह राज्य के कई टूरिस्ट प्लेस से गुजरेगी। इनमें भेड़ाघाट, पंचमढ़ी और सतपुड़ा शामिल हैं।
  • खजुराहो-भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस: खजुराहो-भोपाल-इंदौर वंदे भारत ट्रेन राज्य के मालवा और बुंदेलखंड के इलाकों को भोपाल से जोड़ेगी। इस दौरान ये ट्रेन महाकालेश्वर, मांडू, महेश्वर, खजुराहो जैसे पर्यटन के अहम स्थानों से होकर गुजरेगी।
  • मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस: गोवा को अपनी पहली वंदे भारत ट्रेन मिलने जा रही है।  मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और गोवा के मडगाव स्टेशन के बीच किया जाएगी। अब मुंबई से गोवा की दूरी को 7 घंटे में तय की जा सकेगी। इस ट्रेन में 16 की जगह 8 कोच होंगे।
  • धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस: कर्नाटक को दूसरी वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है।  यहां चेन्नई-मैसूर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पहले से ही चलाई जा रही है। अब रेलवे धारवाड़-बेंगलुरु रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन करेगी। ये ट्रेन धारवाड़, हुब्बली और दावणगेरे को राजधानी बेंगलुरु से जोड़ने का काम करेगी।
  • रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस: बिहार और झारखंड के यात्रियों का भी इंतजार खत्म हो रहा है। इन दोनों राज्यों को संयुक्त रूप से पहली ट्रेन मिलने जा रही है। अप एवं डाउन दिशा में इस ट्रेन का परिचालन जहानाबाद, गया, बरकाकाना, कोडरमा, हजारीबाग टाउन और मेसरा के रास्ते किया जाएगा। पटना से रांची के बीच दूरी ये ट्रेन सिर्फ 6 घंटे में पूरी कर लेगी। यह ट्रेन पटना और रांची से मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।

आपको बता दें कि वंदे भारत एक्सप्रेस भारत में एक हाई स्पीड ट्रेन है। यह देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन है, जिसकी अधिकतम स्पीड 160 किलोमीटर/घंटा है। यह ट्रेन पूरी तरह भारत में डिजाइन और मैन्युफैक्चर की गई है, जिसमें 80% उत्पादों को स्वदेशी बनाया गया था। ये ट्रेनें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनमें जीपीएस आधारित सूचना सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, वैक्यूम आधारित बायो टॉयलेट, ऑटोमैटिक स्लाइडिंग डोर और हर कोच में चार आपातकालीन पुश बटन हैं।