- कैजुअल लेबर युवती के साथ दुष्कर्म का आरोप
रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) के वानिकी कॉलेज के नाहेप कास्ट प्राजेक्ट में कार्यरत एक अफसर को श्रमिकों ने पेड़ से बांधकर पीटा। उसपर बहरा डिप्पा में कार्य कर रही कैजुअल लेबर से दुष्कर्म करने का आरोप है। हालांकि इस मामले में अब तक थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
घटना 5 जून की दोपहर 3 बजे की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही कैजुअल मजदूरों ने 6 जून को दुष्कर्मी अफसर को पेड़ से बांधकर खूब पीटा। हालांकि इस मामले में अभी तक कांके थाना में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।
बताया जाता है कि युवती को डराया गया है। उससे कहा गया है कि अगर वह मामला दर्ज कराएगी तो उसकी नौकरी खतरे में पड़ जाएगी। क्योंकि युवती की मां सख्त बीमार है। अपने मां के जगह पर ही वह मजदूरी करने फॉरेस्ट्री कॉलेज जाती है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी अफसर पिछले 10 दिनों से छेड़खानी कर गलत काम के लिए युवती को कह रहा था। इसकी शिकायत युवती ने बड़े अफसर से भी की थी। हालांकि इसकी नहीं सुनी गई। इससे अफसर का मनोबल बढ़ता गया। फिर उसने दुष्कर्म जैसे कांड को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि इस घटना को बीएयू के एक सिक्योरिटी अफसर ने मैनेज करा दिया है। घटना के बाद से वानिकी कॉलेज, महिला और पुरुष छात्रावास सभी जगह सिक्योरिटी व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। किसी भी अनजान चेहरे को वहां जाने से सिक्योरिटी गार्ड मना कर रहे हैं।
इस संबंध में नाहेप के प्रभारी एमएस मल्लिक से मोबाइल पर संपर्क करने की दर्जनों बार कोशिश की गई। हालांकि उन्होंने फोन नहीं उठाया।