मुंबई। बड़ी खबर मुंबई से आ रही है। अपकमिंग फिल्म ‘टाइगर 3’ (Tiger 3) के सेट से सुपरस्टार सलमान खान घायल हो गए हैं। गुरुवार (18 मई) को खुद सलमान ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर शेयर कर हेल्थ अपडेट दी है।
तस्वीर में सलमान खान बाहर की ओर देख रहे हैं और उनके बाएं कंधे पर बड़े-बड़े काइन्सियोलॉजी टेप देखे जा सकते हैं, जबकि उन्होंने अपना दूसरा हाथ एक पोल पर टिकाकर रखा हुआ है।
सलमान ने अपनी हेल्थ अपडेट देते हुए तस्वीर के कैप्शन में लिखा है, “जब आपको लगता है कि आप अपने कंधों पर पूरी दुनिया का बजन उठा रहे हैं और वह कहे काई दुनिया को छोड़ो पांच किलो का डंबल उठा के दिखाओ। टाइगर ज़ख्मी है। #Tiger3.”
सलमान खान की पोस्ट देखकर इंटरनेट यूजर्स उनकी हौसला अफजाई कर रहे हैं। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर किली पॉल ने लिखा है, “फौलाद के जैसे मजबूत।” शादाब अली खान लिखते हैं, “टाइगर हमेशा रेडी है।” एक यूजर ने लिखा है, “चल तोड़ने उसका पंजा रे।” एक यूजर का कमेन्ट है, “ज़ख़्मी टाइगर और भी ज्यादा खतरनाक है।” एक यूजर का कमेंट है, “टाइगर ज़ख़्मी जरूर है, लेकिन किसी से कमजोर नहीं।” एक यूजर ने लिखा है, “टाइगर अब दिवाली पर फायर करने के लिए तैयार है।”
बात ‘टाइगर 3’ की करें, तो यह सलमान खान की टाइगर फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है, जो इसी साल दिवाली पर रिलीज होगी। मनीष शर्मा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा हैं।
सलमान खान के अलावा फिल्म में कटरीना कैफ, इमरान हाशमी और शाहरुख़ खान (कैमियो) भी नजर आएंगे। फिल्म का पहला पार्ट ‘एक था टाइगर’ के नाम से बना था, जो 2012 में रिलीज हुआ था। दूसरा पार्ट ‘टाइगर जिंदा है’ के नाम से 2017 में आया। फ्रेंचाइजी के दोनों ही पार्ट सुपरहिट रहे थे।