सहजानंद ब्रिजफोर्ड स्कूल में लगा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर

झारखंड
Spread the love

रांची। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। इसी भाव को ध्यान में रखकर 9 मई, 2023 को रांची के धुर्वा स्थित स्वामी सहजानंद ब्रिजफोर्ड स्कूल में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें शहर के प्रसिद्ध एचईसी पारस अस्‍पताल से चिकित्सकों की टीम आई थी।

चिकित्‍सकों ने विद्यालय के सभी छात्रों और शिक्षकों को स्वस्थ जीवन से होने वाले लाभ की जानकारी दी। बाल चिकित्सक ने छोटे बच्चों की शारीरिक वृद्धि पर ध्यान देते हुए वजन के साथ बच्चों की लंबाई की भी जांच की।

स्त्री रोग चिकित्सक ने कक्षा 6 से 10 तक की छात्रा एवं शिक्षिकाओं की जांच की। स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। सामान्य चिकित्सक ने विद्यालय के सभी सदस्यों सहित बच्चों को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने कहा कि आज की व्यस्त दिनचर्या में हम सभी स्वास्थ्य के प्रति उदासीन हो गए हैं। हमें स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहने की आवश्यकता है। डॉक्‍टरों की सलाह पर अमल करनी चाहिए।