शिक्षकों की प्रोन्‍नति को लेकर होने वाली बैठक की बदली तिथि, जानें नया डेट

शिक्षा झारखंड
Spread the love

रांची। राजकीयकृत प्रारंभिक विद्यालयों के शिक्षकों की प्रोन्‍नति को लेकर होने वाली बैठक की तिथि बदल गई है। यह जानकारी झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् के सहायक निदेशक (अ) बांके बिहारी सिंह ने 24 मई को दी। उन्‍होंने इसकी सूचना कोडरमा, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, दुमका, पाकुड़, साहि‍बगंज, गोड्डा, जामताड़ा एवं गिरिडीह के जिला शिक्षा अधीक्षक को भी दी है।

सहायक निदेशक ने पत्र में लिखा है कि विभागीय सचिव के आदेश के आलोक में राजकीयकृत प्रारंभिक विद्यालयों के शिक्षकों का विभिन्न ग्रेडों में प्रोन्नति के संदर्भ में 16 और 17 मई, 2023 को जेसीईआरटी में एक कार्यशाला हुई थी। प्रोन्नति के संदर्भ में जितनी भी प्रकार की शंकाएं थी, उन सारे बिन्दुओं पर कार्यशाला में विस्तृत चर्चा की गई थी। ये निर्देश दिये गये थे।

1. शिक्षकों की मास्टर वरीयता सूची का निर्माण चर्चा के क्रम में स्पष्‍ट किया गया था कि मास्टर वरीयता सूची दो प्रकार की बनेगी। प्रथम वरीयता सूची में उन सारे शिक्षकों (सेवानिवृत मृत सहित) का विवरण सम्मिलित होगा, जिनकी नियुक्ति ग्रेड-1 में की गई हो। भले ही वे वर्तमान में किसी अन्य ग्रेड का वेतन प्राप्त कर रहे हो। दूसरी मास्टर वरीयता सूची में उन शिक्षकों का नाम सम्मिलित किया जायेगा, जिनकी नियुक्ति सीधे ग्रेड-4 में की गई हो।

2. मास्टर वरीयता सूची में अंकित आंकड़ों का सत्यापन शिक्षक द्वारा उपलब्ध कराये गये कागजात/ अभिलेख से करना था। इस निमित एक समिति का गठन किया जाना था। शिक्षक द्वारा उपलब्ध कराये गये कागजात/अभिलेख को उनके नाम से संधारित एक फोल्डर में सुरक्षित रखना था, ताकि प्रोन्नति के क्रम में प्रथम दृष्टया यदि कोई विसंगति दृष्टिगत होती है तो उसका समाधान फोल्डर में रक्षित अभिलेख से कराया जा सकता है।

3. सचिव के आदेश के अनुसार अगली बैठक की तिथि 27 और 28 मई, 2023 को निर्धारित की गई थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से बैठक अब उक्त तिथि को नहीं हो सकेगी। बैठक की अगली तिथि 31 मई से 1 जून, 2023 तक निर्धारित की जाती है।

उक्त बैठक में वही व्यक्ति सम्मिलित हो सकेंगे, जो पूर्व की बैठक में सम्मिलित थे। संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी यदि ऐसा महसूस करते है कि पूर्व में सम्मिलित कर्मी की जगह कोई दूसरा व्यक्ति प्रोन्नति कार्य में अधिक सहयोग प्रदान कर सकता है तो ये उनकी जगह पर उस व्यक्ति को नामित कर सकते हैं।

उपरोक्त तथ्‍य के आलोक में निर्देश दिया जाता है कि उक्त बैठक में टीम को ससमय भाग लेने के लिए अवश्यक निर्देश देना सुनिश्चित करेंगे।