क्विज में उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कराया गया चिड़िया घर का भ्रमण

झारखंड
Spread the love

लोहरदगा। क्विज में उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन करने वाले जिले के विभिन्‍न स्‍कूल के विद्यार्थियों को रांची के ओरमांझी स्थित चिड़िया घर का भ्रमण कराया गया। डायट चीरी के तत्‍वावधान में साप्ताहिक क्विज का आयोजन किया गया था। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी एवं उनके शिक्षकों को भ्रमण टीम में शामिल किया गया था।

जानकारी के मुताबिक विद्यार्थी एवं उनके शिक्षकों को 27 अप्रैल, 2023 को रांची के ओरमांझी स्थित बिरसा जैविक उद्यान का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। उक्त  भ्रमण कार्यक्रम की अनुमति डाइट चीरी के प्राचार्य अभिषेक बड़ाईक की अनुशंसा पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती सुनंदा दास ने प्रदान की।

शैक्षणिक भ्रमण में डायट चीरी के संकाय सदस्य अमृता सिन्हा, रवि शंकर कुमार, ललिता कुमारी, विजय बैठा एवं महबूब आलम के नेतृत्‍व में जिले के लोहरदगा, कुडू, भंडरा एवं सेन्हा के चयनित 5 – 5 विद्यालय के 2 – 2 बच्चे एवं 1 – 1 शिक्षक शामिल थे।

ज्ञात हो कि ओरमांझी स्थित बिरसा मुंडा जैविक उद्यान (चिड़िया घर) स्नेक हाउस, मछली घर के साथ-साथ विभिन्न प्राकृतिक वन्यजीवों एवं जैविक विविधताओं से परिपूर्ण है। यह राज्य का एक उत्कृष्ट रमणीक एवं दर्शनीय स्थल है।

यहां विद्यार्थी एवं शिक्षकों के लिए वन्यजीवों, पर्यावरण, जैविक विविधता एवं राज्य के सांस्कृतिक उन्नयन की अनेकों जानकारी प्राप्त करने की अपार संभावना निहित हैं। भ्रमण और जैविक उद्यान में विद्यार्थियों ने खूब मस्‍ती की। शिक्षकों से कई तरह की जानकारी के लिए अनेकों प्रश्न पूछे।

उक्त शैक्षणिक भ्रमण में अली अहमद, राजेश सिन्हा, अरुण कुमार दास, अविनाश  प्रसाद सिन्हा, नीतू कुमारी, सीमा चौधरी, शैलेश कुमार, अनामुल हक, तोहिद आलम, जुबेर अख्तर, श्याम किशोर भगत, धनंजय नाथ शाहदेव, नीलम टोप्पो, रूबी कुजूर, मनोज कुमार उरांव, प्रकाश भगत, फरजाना निशत आदि शिक्षक- शिक्षिकाएं अपने विद्यालय के बच्चों के साथ शामिल हुए।