Jharkhand : तापमान 38 डिग्री के पार, स्‍कूलों में बच्‍चे हो रहे बेहोश

झारखंड
Spread the love

Jharkhand : रांची। अप्रैल का महीना शुरू हो गया है। गर्मी धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। इस महीने में पारा का बढ़ना असामान्‍य नहीं है। तापमान बढ़ने के साथ ही इसका साइड इफैक्‍ट दिखने लगा है।

रांची मौसम केंद्र की मानें तो राज्‍य में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले तीन दिनों में दोपहर या शाम के समय आसमान में बादल छाये रह सकते हैं।

रांची मौसम केंद्र के अनुसार 5 अप्रैल की सुबह 10 बजे राज्‍य का सबसे अधिक तापमान गोड्डा जिले में दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे कुछ ही कम डालटनगंज जिले का तापमान रहा। यहां 38.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

केंद्र के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान 33.6, जमशेदपुर का 37.4, बोकारो का 37.1, चाईबासा का 36.8, चतरा का 35.8, गिरिडीह का 36.1, पाकुड़ और पलामू का 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बढ़ती गर्मी का साइड इफ़ेक्ट दिखना शुरू हो गया है। गर्मी और अत्यधिक स्कूल की समयावधि होने के कारण बच्‍चे बेहोश होने लगे हैं। कोडरमा के योगियातिल्हा स्थित राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बच्चे गर्मी के कारण गिर गया। उसके नाक से खून बहने लगा। इसके कारण बच्चा बेहोश हो गया।

जानकारी हो कि 4 अप्रैल को भी जामताड़ा जिले में यह घटना घटी थी। जिले के कुंडहित प्रखंड के उत्‍क्रमित उच्‍च विद्यालय, इंद्रपहाड़ी के आठवीं कक्षा का छात्र सोमलाल टुडू बेहोश हो गया था। उसे होश में लाने का प्रयास किया गया। होश में नहीं आने पर उसे सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र में भर्ती कराया गया।