श्री बंशीधर महोत्सव को स्थगित करने को भाजपा ने बताया राजनीतिक षड्यंत्र

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। श्री बंशीधर महोत्सव को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करना राजनीतिक षड्यंत्र है। जिले के कांडी मंडल के भाजपाइयों ने कहा है कि इस अति महत्वपूर्ण कार्यक्रम को किसी शोक के कारण नहीं, बल्कि राजनीतिक कारणों से स्थगित किया गया है। इसके लिए झारखंड सरकार पूर्ण रूप से दोषी है।

भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामलाला दुबे, कांडी पंचायत के पूर्व मुखिया सह भाजपा नेता विनोद प्रसाद, कांडी मंडल महामंत्री शशि रंजन दुबे और विधायक के खाद्य आपूर्ति प्रतिनिधि रविकांत पांडेय ने कहा है कि स्कूली शिक्षा व साक्षरता मंत्री जगन्नाथ महतो के निधन का सबको मलाल है। वे सभी दलों के लिए अति प्रिय थे।

नेताओं ने कहा कि अगर उनकी शोक में श्री बंशीधर महोत्सव को स्थगित किया गया है तो सरकार के लोग प्रतिदिन इफ्तार पार्टी कैसे मना रहे हैं। क्या यह शर्मनाक नहीं है? भाजपाइयों ने कहा कि बंशीधर महोत्सव को लेकर भाजपा सांसद बीडी राम, पूर्व मुख्यमंत्री सह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, स्थानीय विधायक भानु प्रताप शाही आदि की सक्रियता को राज्य सरकार के लोग पचा नहीं सके। इसका नतीजा है कि उन्हें लगा कि राज्य सरकार के राजकीय महोत्सव को भाजपा कहीं हाईजैक नहीं कर ले।

नेताओं ने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े इस कार्यक्रम को अपने पावर की बेजा इस्तेमाल करते हुए सरकार ने स्थगित कर दिया। भाजपा इसकी निंदा करती है। अगर सरकार में थोड़ी सी भी नैतिकता बची है तो तत्काल कार्यक्रम की तिथि की घोषणा करें।