बेरमो अनुमंडल सहित पूरे राज्‍य में खुले आम हो रही कोयला, लोहा की तस्करी : माधव लाल सिंह

झारखंड अपराध
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

गोमिया (बोकारो)। पूर्व मंत्री माधवलाल सिंह ने कहा कि झारखंड में लूट की पूरी छूट है। राज्य के मुखिया बार-बार अवैध कोयला, लोहा, तस्करी पर रोक लगाने का निर्देश दे रहे हैं। हालांकि तस्कर पर इसका कोई असर होता दिखाई नहीं दे रहा है। पिछले चार महीने से राज्य के कई हिस्सों में खुले आम कोयला, लोहा की तस्करी जोरों पर है। पुलिस सिर्फ अपने हिस्से के फिराक में रहती है। सिंह 15 मार्च को प्रेस से बात कर रहे थे।

पूर्व मंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किसके इशारे पर इतनी बड़ी सिंडिकेट चल रही है। उन्होंने कहा धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, गिरि‍डीह में अवैध धंधेबाज की चांदी है। अवैध कोयला कारोबार में बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है।

सिंह ने कहा कि अनुमंडल के नवाडीह, महुआटाड, जागेश्वर बिहार, चतरो चट्टी, कथारा, बोकारो थर्मल, पैक नारायण पूर थाना क्षेत्र से अवैध कोयला कारोबार चल रहा है। बिडम्बना है कि कुछ पुलिस अधिकारी फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझते हैं। पुलिस कप्तान द्वारा बार-बार वार्निंग देने के बाद भी इनके कानों में जू तक नहीं रेंगता है।