विवेक चौबे
गढ़वा। जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित +2 उच्च विद्यालय कांडी में शिक्षा विभाग द्वारा 92 लाख की लागत राशि से चहारदीवारी निर्माण कराया जा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा घटिया किस्म की ईंट व अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस बारे में लोगों ने विधायक पुत्र डॉ ईश्वर सागर चंद्रवंशी उर्फ मुन्ना चन्द्रवंशी से शिकायत की। गुणवत्तापूर्ण चहारदीवारी का निर्माण कार्य कराए जाने की मांग की।
शिकायत मिलने पर शुक्रवार को डॉ ईश्वर सागर चंद्रवंशी विद्यालय कांडी पहुंचे। चहारदीवारी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घटिया सामग्री व प्राकलन के अनुसार गुणवत्तापूर्ण कार्य निर्माण स्थल पर नहीं मिला। इसपर चंद्रवंशी ने असंतोष व्यक्त किया।
चंद्रवंशी ने कहा कि संवेदक द्वारा इस प्रकार का कार्य कराया जाना विभागीय अधिकारी व पदाधिकारियों की घोर लापरवाही को दर्शाता है। संवेदक द्वारा कराए जा रहे घटिया किस्म के कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी, जिससे शिक्षण संस्थान की चहारदीवारी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो।
मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय उर्फ पप्पू पांडे, मझिआंव विधायक प्रतिनिधि संजय कमलापुरी, रामलला दुबे, अनूप कुमार, सीताराम तिवारी, राम लखन प्रसाद, रविंद्र कुमार, नरेश पासवान के अलावे अन्य कई लोग उपस्थित थे।