वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव हुए सम्मानित

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

वाराणसी। मीडिया समूह जी न्यूज ग्रुप, उत्तर प्रदेश-उत्तराखण्ड ने ‘उत्तर प्रदेश की बात : आज़मगढ़ से’ में आज़मगढ़ से जुड़ी तमाम शख़्शियत को सम्मानित किया। इस क्रम में वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव को भी सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (श्रम एवं सेवायोजन, समन्वय विभाग) अनिल राजभर ने प्रदान किया।

गौरतलब है कि कृष्ण कुमार यादव प्रशासक के साथ ही सामाजिक, साहित्यिक और समसामयिक मुद्दों से सम्बंधित विषयों पर प्रमुखता से लेखन करने वाले साहित्यकार, विचारक और ब्लॉगर भी हैं।

आज़मगढ़ जनपद के तहबरपुर निवासी एवं जवाहर नवोदय विद्यालय, जीयनपुर, आज़मगढ़ और तत्पश्चात इलाहाबाद विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा ग्रहण कर भारत सरकार की प्रतिष्ठित सिविल सेवाओं में चयनित कृष्ण कुमार यादव का बहुआयामी व्यक्तित्व है।

देश-विदेश की तमाम पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशन के साथ विभिन्न विधाओं में आपकी सात पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनके जीवन पर भी एक पुस्तक ‘बढ़ते चरण शिखर की ओर : कृष्ण कुमार यादव’ प्रकाशित हो चुकी है।

देश-विदेश में विभिन्न प्रतिष्ठित सामाजिक-साहित्यिक संस्थाओं द्वारा विशिष्ट कृतित्व, रचनाधर्मिता और प्रशासन के साथ-साथ सतत् साहित्य सृजनशीलता हेतु उन्‍हें शताधिक सम्मान और मानद उपाधियां प्राप्त हैं।

विभागीय दायित्वों और हिन्दी के प्रचार-प्रसार के क्रम में अब तक यादव लंदन, फ़्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, दक्षिण कोरिया, भूटान, श्रीलंका, नेपाल जैसे देशों की यात्रा कर चुके हैं।