Khunti : दो गांवों के ग्रामीणों ने श्रमदान कर 1 ही दिन में बनाए 12 बोरीबांध

झारखंड
Spread the love

खूंटी। मार्च महीने में ही झारखंड के खूंटी (Khunti) जिले में पानी का संकट उत्पन्न हो गया है। इसे देखते हुए गांवों के लोग बूंद-बूंद पानी का संचयन करने में जुटे हैं। जिला प्रशासन, सेवा वेलफेयर सोसाईटी और स्थानीय ग्रामसभाओं के संयुक्त तत्वावधान में जनशक्ति से जलशक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांव-गांव में बोरीबांध का निर्माण कर जल संचयन करने का काम किया जा रहा है। इससे प्रचंड गर्मी में भी इन गांवों में पानी की समस्या नहीं होगी। भूगर्भीय जलस्तर भी उपर आएगा।

अब तक 31 बोरीबांध का निर्माण

सोमवार को तोरपा प्रखंड के गुटूहातू गांव में आठ और मुरहू प्रखंड के सुरूंदा गांव में चार बोरीबांध का निर्माण अभियान के तहत किया गया। ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाने क्षेत्र के युवा नेता सुदीप गुड़िया और सेवा वेलफेयर सोसाईटी के देवा हस्सा ग्रामीणों के साथ रहे। सेवा वेलफेयर सोसाईटी के देवा हस्सा ने बताया कि अब तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में 31 बोरीबांध का निर्माण किया जा चुका है। लक्ष्य 200 बांध बनाने का है।

जल संचयन को लेकर आई जागरुकता

तोरपा के गुटूहातू गांव में 170 परिवार हैं। ग्रामसभा में निर्णय लिया गया कि हर परिवार से एक-एक महिला या पुरुष का बोरीबांध में श्रमदान करना अनिवार्य है। गांव के विभिन्न दिशाओं में बिड़ोर चुंआ गड़ा, गोम्पाई गड़ा आदि नाले निकलकर कारो नदी से मिलते है। गांव के लोगों सभी नालों पर कुल आठ स्थानों पर बोरीबांध का निर्माण कर दिया है। गांव के लोगों ने आठ अलग-अलग स्थानों पर भोजन भी पकाने का काम किया। बोरीबांध बनाने के बाद सभी टोलियों के लोगों ने भोजन भी किया।

इन्‍होंने गुटूहातू में किया श्रमदान

गुटूहातू में बोरीबांध निर्माण में ग्रामसभा सचिव हेरमन गुउ़िया, बिरसिंह गुड़िया, नूतन गुड़िया, जोन गुड़िया, विनय गुड़िया, हेराम्बी गुड़िया, सरोज गुड़िया, बेरोनिका गुड़िया, चमरी गुड़िया, एनेम गुड़िया, अलसेम गुड़िया, पियूष गुड़िया, लोदरो पाहन, सुखराम पाहन समेत संपुर्ण ग्रामसभा सदस्यों ने श्रमदान किया।

सब्‍जी की खेती भी कर सकेंगे

ग्रामप्रधान मानसिद्ध गुड़िया ने कहा कि ये नाले गर्मी के मौसम में सूख जाया करते थे। इससे ग्रामीणों के साथ मवेशियों को भी पानी के लिए भटकना पड़ता था। अब बांध बन जाने के बाद गांव में पानी की समस्या नहीं होगी। यही नहीं गांव के लोग साग-सब्जी की खेती भी कर सकेंगे।

नहाने-धोने में परेशानी नहीं होगी

सुरूंदा गांव में मुरहू नाला पर ग्रामप्रधान सवाना मुंडू के नेतृत्व में गांव के 40 युवाओं ने महज चार घंटे में चार बोरीबांध का निर्माण किया। सवना मुंडू ने कहा कि बोरीबांध बनने के बाद अब गांव के लोग खेती करेंगे। लोग बोरीबांध निर्माण की आस में खेतों की जुताई-कुड़ाई कर तैयार कर रखा है। उन्होंने कहा कि बांध बनने से गांव के लोगों समेत महिलाओं को नहाने-धोने में परेशानी नहीं होगी।

श्रमदान करने वालों में ये शामिल

सुरूंदा में श्रमदान करने वालों में गंगू मुंडू, नारायण मुंडू, हिन्दू पाहन, दुगा पाहन, सोहर सिंह मुंडा, लोरसिंह मुंडा, बिरसा मुंडू, मोंगला पाहन, महादेव पाहन, सोमा बोदरा, भोंडो मुंडा, डिबार मुंडा, बेन्जामिन मुंडू, दयानंद मुंडू, भोला मुंडू, गंगाराम पाहन, सुंदर मुंडा आदि युवा शामिल थे।