गिरिडीह। प्रवासी मजदूरों की मौत का सिलसिल थम नहीं रहा है। इस क्रम में मुंबई कमाने गए गिरिडीह जिले के युवक की मौत की सूचना आई। उसकी मौत की खबर आते ही घर में मातम छा गया। परिवार के लोग बेसुध हो गये।
जानकारी के मुताबिक गिरिडीह के सरिया थाना क्षेत्र के कैलाटांड के अम्बाडीह गांव निवासी मनोहर सिंह (40 वर्ष) की मुंबई के कल्याण स्टेशन के समीप शुक्रवार सुबह को ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। इस हादसे की खबर मुंबई रेलवे पुलिस द्वारा परिजनों को मिली। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
इस विपत्ति की घड़ी में परिजनों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी देवी, पुत्र अतुल कुमार सिंह (19), पुत्री सुहानी कुमारी (16) और कुमकुम कुमारी (14) को छोड़ गया।
इस घटना पर प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि झारखंड के नौजवानों की मौत के मुंह में समा जाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है।
अली ने कहा कि सरकार मजदूर हित में कुछ पहल नहीं कर रही है। मजदूरों का पलायन तेजी से हो रहा है। मुंबई से पैतृक गांव शव लाने के लिए हरसंभव मदद करने का प्रयास किया जा रहा है।