रांची। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अंतर राज्य जीवन दर्शन कार्यक्रम के तहत पूर्वोत्तर राज्यों से आये छात्र छात्राओं के साथ जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा रांची स्थित आवास में मिले। मुंडा ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। छात्र छात्राओं के साथ संवाद स्थापित किया। उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
मेघालय, मिजोरम, असम, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश से आये छात्र छात्राओं ने मुंडा से जानना चाहा कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर राज्यों के विकास के लिए क्या काम कर रही है।
मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर राज्यों का चहुंमुखी विकास हो रहा है। पिछले आठ वर्षों में प्रधानमंत्री 50 बार से अधिक इन राज्यों का दौरा कर चुके हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस बार कैबिनेट में सीमावर्ती राज्यों के गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए योजना बनी है। उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर राज्यों में जनजातीय बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए एकलव्य मॉडल स्कूल खोले जा रहे हैं।