
नई दिल्ली। स्वास्थ्य कारणों से पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की सीट बदल दी गयी है। मनमोहन सिंह राज्यसभा में पहली पंक्ति में बैठते थे। अब उनके आखिरी लाइन में बैठने की व्यवस्था की गई है। खराब स्वास्थ्य के चलते मनमोहन सिंह व्हीलचेयर पर हैं।
कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के अनुसार व्हीलचेयर से राज्यसभा आने-जाने में सुविधा हो इसके लिए उन्हें आखिरी लाइन में सीट दी गयी है। कांग्रेस के सीनियर लीडर पी चिदंबरम और दिग्विजय सिंह अब राज्यसभा की अगली पंक्ति की सीटों पर बैठेंगे। ऐसा माना जा रहा था कि संसद के पिछले सत्र में कांग्रेस सीटों को बदलेगी, लेकिन पार्टी ने बजट सत्र में ऐसा करने का फैसला किया।
मनमोहन सिंह 90 साल के हो गए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार व्हीलचेयर से राज्यसभा आने-जाने में सुविधा के लिए उन्हें अंतिम लाइन में सीट अलॉट की गयी है। इससे उनको व्हीलचेयर से अपनी सीट के करीब तक जाने में सुविधा होगी। राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अगली पंक्ति की सीट पर बने रहेंगे। उनके बगल में सदन के उपसभापति हरिवंश बैठते हैं।
विपक्ष की अगली पंक्ति की बाकी सीटों पर पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा (जेडीएस), संजय सिंह (आप), प्रेम चंद गुप्ता (राजद), डेरेक ओ’ब्रायन (टीएमसी), के केशव राव (बीआरएस) और तिरुचि शिवा (डीएमके) बैठते हैं। वहीं, भाजपा ने अंतिम पंक्तियों में बैठने की व्यवस्था में भी कुछ बदलाव किए हैं। पार्टी ने आगे की पंक्ति में बैठने वालों में कोई बदलाव नहीं किया है।