
गोरखपुर। बड़ी खबर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से आयी है। यहां गुरुवार को यज्ञ के दौरान एक सनकी हाथी ने आतंक मचा दिया। चिलुआताल थाना क्षेत्र के गांव मुहम्मदपुर माफी गांव में पगलाए हाथी ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों को कुचल दिया। दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव में यज्ञ का आयोजन चल रहा था। हर तरफ लोग पूजा अर्चना के साथ ही गाने बजाने में व्यस्त थे। इसी दौरान हाथी का आतंक देखने को मिला। बताया जा रहा है कि हाथी के हमले में कई लोग घायल हुए हैं।
आतंक मचाने के बाद हाथी गीडा जंगल की तरफ भाग गया। वन विभाग और थानों की फोर्स हाथी की तलाश में लगी हुई है। हाथी से कुचलकर मरने वालों में 50 वर्षीय कौशल्या देवी और 55 वर्षीय कांति देवी शामिल हैं। वहीं, दिलीप नाम का एक लड़का हाथी के हमले में घायल हो गया है।