आनंद कुमार सोनी
लोहरदगा। झुंड से बिछड़े सनकी हाथी को मौत के घाट उतारा जा सकता है। जानमाल के नुकसान का आकलन करने के बाद यह फैसला संभव है। हाथी के आज सिमडेगा के जंगल में पहुंचने की उम्मीद है। इसे लेकर लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
जानकारी हो कि झुंड से बिछड़े एक हाथी ने लोहरदगा में आतंक मचाया। जिले में उसने रविवार और सोमवार को 5 लोगों को कुचलकर मार डाला। हाथी ने रांची जिले के इटकी एवं बेड़ो प्रखंड में भी तबाही मचाई। यहां भी पांच लोगों को कुचल कर मौत के घाट उतार दिया था।
वनपाल किशोरनंद कुमार ने बताया कि हाथी भगाने वाली टीम ने मंगलवार रात तक हाथी को खूंटी जिला सीमावर्ती क्षेत्र में खदेड़ दिया है। बुधवार तक सिमडेगा जिले के जंगलों में खदेड़े जाने का लक्ष्य है।
किशोरनंद ने बताया कि एक ही हाथी द्वारा लगातार 3 दिनों तक तबाही मचाने की घटना को अंजाम दिया गया। ऐसे में विभाग द्वारा हाथी के खिलाफ बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
बुधवार को यदि हाथी द्वारा किसी प्रकार की तबाही मचाई गई या हमला किया गया तो उसे मारने का आदेश प्राप्त हो सकता है। आदेश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।