लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के अध्यक्ष रतन लाल अग्रवाल विशेष सम्मान से सम्मानित

झारखंड
Spread the love

रांची। गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा गुरुनानक सेवक जत्था, रांची ने लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के अध्यक्ष रतन लाल अग्रवाल को विशेष सम्मान से सम्मानित किया।

श्री अग्रवाल को यह सम्मान समाज में उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया। जत्था ने इनके सेवा कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही कहा- लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट समाज हित में अच्छा काम कर रहा है।

मोतियाबिंद मरीजों की आंखों का ऑपरेशन कर उन्हें दुबारा खूबसूरत दुनिया देखने के लिए रोशनी प्रदान कर रहा है। हाड़ कंपाने वाली ठंड में रांची के फिरायालाल स्थित अपने प्याऊ पर अलाव की व्यवस्था कर गरीबों की जान बचा रहा है। ठंड से ठिठुरते गरीबों के बीच लगातार कंबल वितरण कर रहा है। लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के ऐसे अनगिनत कार्य हैं, जिससे हमें प्रेरणा लेनी चाहिए।

तत्पश्चात गुरुद्वारा श्रीगुरुनानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर कॉलोनी में श्री गुरुगोविंद सिंह के 356वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शनिवार को विशेष दीवान सजाया गया। दीवान की शुरुआत स्त्री सत्संग सभा की देह शिवा बर मोहे ईहे, शुभ कर्मन ते कभुं टरूं…, कीर्तन से हुई। इसके बाद गुरुद्वारा साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेंदर सिंह ने कथावाचन कर गुरुगोविंद सिंह की जीवनी से जुड़े प्रकरण सुनाते हुए सिख इतिहास के गौरव का गुणगान किया। उन्होंने साध संगत को रोजाना श्री गुरुग्रंथ साहिब के सामने शीश नवाकर दिनचर्या आरम्भ करने को कहा।

इसके बाद विशेष रूप से शिरकत करने पहुंचे सिख पंथ के महान कीर्तनी जत्था भाई राजेन्दर सिंह जालंधर वाले ने वाहो वाहो गोविंद सिंह जी आपे गुर चेला…, और नासिरो मंसूर गुर गोविंद सिंह एज दी मंजूर गुर गोविंद सिंह…, जैसे एक के बाद एक शबद गायन कर साध संगत को निहाल कर दिया। ज्ञानी जिवेंदर सिंह ने वाहेगुरु से समस्त संसार के लोगों के कुशल क्षेम की अरदास की।

हुक्मनामा एवं कड़ाह प्रसाद वितरण के साथ दीवान की समाप्ति रात 11:30 बजे हुई। मंच संचालन मनीष मिढ़ा ने किया। सभा की दीवान समाप्ति के उपरांत गुरु का अटूट लंगर चलाया गया। गुरुघर के सेवक पवनजीत सिंह ने कार्यक्रम का यूट्यूब के चैनल मेरे साहिब पर सीधा प्रसारण किया।