रांची। झारखंड में गुरुवार यानी 12 जनवरी से मौसम करवट लेगा। इसका असर विभिन्न जिलों में पड़ेगा। वर्तमान में कई जिलों में कोहरा या धुंध का प्रकोप जारी है। न्यूनतम तापमान में अपेक्षाकृत बढ़ोतरी हुई है। हालांकि राहत नहीं मिली है।
रांची मौसम केंद्र के मुताबिक पिछल 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। राज्य में कहीं-कहीं पर हल्के दर्जे का कोहरा छाया रहा। एक-दो स्थानों पर शीतलहर भी चली। सबसे अधिक तापमान 30 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस खूंटी केवीके में दर्ज किया गया।
केंद्र के मुताबिक राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान रात के तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले 3 से 4 दिन इसमें धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
केंद्र के मुताबिक 11 से 13 जनवरी तक सुबह में धुंध छाया रहेगा। बाद में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। मौसम शुष्क रहेगा।
14 जनवरी को राज्य के उत्तरी भागों में सुबह में धुंध छाया रहेगा। बाद में आंशिक बादल छा सकते हैं। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह आदि जिलों में देखने को मिलेगा। राज्य के शेष भागों में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। मौसम शुष्क रहेगा।
तापमान में आ रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। घर से बाहर निकलने से पहले वे गर्म कपड़े जरूर पहनें। बच्चे और बूढ़ों का खासतौर पर ख्याल रखने की जरूरत है। बूढे़ सुबह में टहलने से परहेज करें। बच्चों को पूरी तरह ढंककर रखें।