JHARKHAND ; नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट, 3 जवान घायल

झारखंड
Spread the love

चाईबासा। बड़ी खबर झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घोर नक्सल प्रभावित टोंटो थाना क्षेत्र से आयी है। यहां सारजोमबुरु के जंगल में पुलिस का सर्च आपरेशन गुरुवार को भी जारी रहा। अभियान के दौरान सरजोमबुरु में आईईडी ब्लास्ट होने से तीन जवान घायल हो गये।

घायल जवानों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों जवानों को इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची भेज दिया गया है।

पुलिस की ओर से ब्लास्ट के बारे में बताया गया कि बुधवार को नक्सलियों के खिलाफ चलाये गये सर्च आपरेशन के दौरान तुम्बाहाता के आगे इचाहातु में आईईडी ब्लास्ट हुआ था। इसकी चपेट में आने से कोबरा बटालियन के 6 जवान घायल हुए थे। गुरुवार को भी चलाया जा रहा था अभियान।

ब्लास्ट में घायल जवानों को रांची भेजने के बाद पूरे क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान गुरुवार को सरजोमबुरु के पास आईईडी ब्लास्ट हुआ। इसकी चपेट में तीन जवान आ गये। तीनों घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से रांची भेजा गया।

बता दें कि टोंटो थाना क्षेत्र में माओवादियों के बड़े शीर्ष नेताओं के होने की सूचना के बाद पिछले एक माह से सुरक्षा बलों की ओर से सघन अभियान चलाया जा रहा है।

नक्सलियों के विरुद्ध अभियान के दूसरे दिन लगातार सुरक्षा बलों को नक्सलियों के द्वारा लगाये गये आईईडी की चपेट में आने से नुकसान हुआ है।