रांची। कोल इंडिया की सहायक कंपनी सीसीएल के कामगारों ने NCOEA (CITU) के बैनर तले SAP सिस्टम के खिलाफ रांची मुख्यालय में 19 जनवरी को प्रदर्शन किया। कामगार जुलूस के रूप में यूनियन कार्यालय के मेन बिल्डिंग पहुंचे। वहां नारेबाजी की। सिस्टम में सुधार की मांग की।
NCOEA के महासचिव आरपी सिंह ने बताया कि SAP सिस्टम लागू करने के बाद कामगारों के वेतन भुगतान में हर महीने समस्या आ रही है। पिछले करीब एक साल से यही स्थिति बनी हुई है। कभी 4 दिन तो कभी 5 दिन का वेतन अकारण कट जाता है। कभी रेस्ट डे में काम करने पर आधा वेतन हो जाता है। कभी पी एफ में कटौती कम हो जाती है तो कभी बिना कारण ज्यादा भुगतान हो जाता है।
संगठन के सदस्यों ने बताया कि कई महीनों से प्रबंधन से बार-बार इसे सुधारने का अनुरोध किया गया। हालांकि कोई हल नहीं निकला। मजबूर होकर NCOEA ने पूरे सीसीएल में इसके खिलाफ आंदोलन करने का फैसला किया।
रांची मुख्यालय में गुरुवार को अपर महासचिव रोहित कुमार के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन कर इसकी शुरुआत की गई। अब पूरे सीसीएल में लगातार आंदोलन करके प्रबंधन को SAP में तत्काल सुधार लाने को बाध्य किया जाएगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व अपर महासचिव रोहित कुमार, सचिव विकास कुमार, कोषाध्यक्ष ऋतु नोनिया, मोहित मुकुल तिर्की, श्रेया मजूमदार, पाठक ने किया। प्रदर्शन में करीब 70 कामगार शामिल थे।