5 सिलेंडरों में विस्फोट; 2 बच्चों की मौके पर ही मौत, दूल्हा समेत 60 बाराती झुलसे, सभी यहां एडमिट

अन्य राज्य देश
Spread the love

जोधपुर। बड़ी खबर राजस्थान के जोधपुर जिले से आयी है, जहां शेरगढ़ के पास भूंगरा गांव में गुरुवार की दोपहर सवा तीन बजे शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया।

अचानक 5 सिलेंडरों में ब्लास्ट हो गया। हादसे में 2 बच्चों की मौत भी हो गई, वहीं दूल्हे, उसके माता-पिता समेत 60 लोग झुलस गए। शादी समारोह स्थानीय निवासी तख्त सिंह के घर में था। घर से बारात रवाना होने वाली थी, तभी अचानक सिलेंडर फट गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर हिमांशु गुप्ता हॉस्पिटल पहुंचे। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कच्छावा ने बताया कि 60 जख्मी लोगों में से 51 को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में एडमिट करवाया है। इनमें 8 लोग 90 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे हैं। 48 लोग वार्ड में एडमिट है, 1 बच्चा आईसीयू में है, जबकि 5 और 7 साल के दो बच्चों की मौत हो गई।

ग्रामीण एसपी अनिल कयाल ने बताया कि 5 सिलेंडर फटे थे। खाना बनाते समय अचानक एक सिलेंडर में लीकेज हुआ और आग पकड़ ली। इसी दौरान वहां पास में मौजूद पांच सिलेंडरों ने भी आग पकड़ ली और धमाके होने लगे। जहां सिलेंडर फटे, वहां करीब 100 लोग मौजूद थे। पास ही हॉल के एक चौक में बैठकर बातें कर रहीं महिलाओं के ऊपर भी एक सिलेंडर गिर गया।

घायलों में महिलाओं की संख्या ज्यादा बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत और विधायक मनीषा पंवार, शेरगढ़ विधायक मीना कंवर भी अस्पताल पहुंचे।

शेरगढ़ के सुरेंद्र सिंह की गुरुवार को भूंगड़ा गांव से खोखसर बारात जानी थी। दूल्हे की बहन गवरी कंवर ने बताया कि हम शादी में शामिल होने आए थे। 300 से ज्यादा लोग यहां जुटे थे। बुधवार रात को ही सुरेंद्र सिंह के घी पिलाने की रस्म हुई थी। दोपहर में बारात जानी थी, लेकिन इससे पहले ही हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि शादी के लिए करीब 20 सिलेंडर लाए गए थे।

दूल्हा सुरेंद्र सिंह, उसके पिता शक्ति सिंह, मां दाकू कंवर, बहन रसाला कंवर, भाई सांग सिंह, भाभी पूनम कंवर और दो भतीजे एपी और रतन भी झुलसे हैं।

डिंपल (13), कावेरी (19), कंचन कंवर (45), गवरी कंवर (40), रुकमा कंवर (40), सुरेंद्र सिंह (30) ,साजन कंवर (56) , रावल राम (18) , मगाराम (19) , जस्सा कंवर (36), सूरज कंवर (50) , कनक कंवर (45) , प्रकाश (16), सुरेंद्र सिंह (25), धापू कंवर (15), सज्जन कंवर ( 10) , पप्पू कंवर ( 30), किरण ( 40), महेश पाल ( 8), रसल कंवर ( 29), तेज सिंह ( 50), दिलीप कुमार (24), सज्जन कंवर ( 35), सुगन कंवर ( 35), अनची कंवर ( 40), पूनम (25), दुर्ग सिंह ( 26), संगत सिंह (50), उम्मेद ( 30), सुआ कंवर ( 60) का अस्पताल में इलाज चल रहा है।