रांची। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेलकूद मंत्रालय की इकाई राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा प्रत्येक वर्ष पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर एवं गणतंत्र दिवस परेड शिविर का आयोजन किया जाता है। वर्ष 2023 के गणतंत्र दिवस परेड शिविर, नई दिल्ली के लिए झारखंड से एनएसएस के 6 स्वयंसेवकों का चयन हुआ है। वे शिविर 1 जनवरी से 31 जनवरी तक नई दिल्ली में परेड का रिहर्सल करेंगे। 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक राजपथ पर परेड मार्च कर तिरंगे की सलामी देंगे।
राज्य एनएसएस पदाधिकारी डॉ ब्रजेश कुमार ने बताया कि पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर 12 नवंबर से 21 नवंबर, 2022 तक बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में हुआ था। इसमें झारखंड से 30 स्वयंसेवकों (15 पुरुष एवं 15 महिला) का दल गया था। वहां गणतंत्र दिवस परेड शिविर, नई दिल्ली के लिए झारखंड से 6 स्वयंसेवकों (3 पुरुष एवं 3 महिला) का चयन हुआ है।
चयनित स्वयंसेवक रांची विश्वविद्यालय, विनोबा भावे विश्वविद्यालय (हजारीबाग), सिदो-कान्हो मुर्मू विश्वविद्यालय (दुमका) और कोल्हान विश्वविद्यालय (चाईबासा) से है। उन्होंने बताया कि एनएसएस में कार्य करने वाले स्वयंसेवकों के लिए गणतंत्र दिवस परेड शिविर में शामिल होना और राजपथ पर परेड करना गर्व की बात है। राजपथ पर परेड करने वाला एक मात्र सिविल सोसाइटी का हिस्सा एनएसएस के स्वयंसेवक हैं, बाकी सभी सैन्य एवं पुलिस के दल होते हैं।
डॉ कुमार ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड शिविर नई दिल्ली के लिए 29 दिसंबर को झारखंड के 6 स्वयंसेवक पटना के लिए रांची रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेंगे। 30 दिसंबर, 2022 को पटना से बिहार और झारखंड के 12 स्वयंसेवकों का दल नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
चयनित एनएसएस
रांची विश्वविद्यालय
1. दीक्षा कुमारी
2. रुचिका रत्न लकड़ा
3. अमन कुमार
विनोबा भावे विश्वविद्यालय
4. संजना कुमारी
कोल्हान विश्वविद्यालय
5. राजू महतो
एसकेएम विश्वविद्यालय
6. अभिदीप्स प्रशांत सागर