रांची। लायंस क्लब ऑफ डालटगंज और मुक्ति संस्था (रांची) ने संयुक्त तौर पर एक इलेक्ट्रिक डेड बॉडी फ्रीजर जनता को समर्पित किया है। मुक्ति संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया और लायंस क्लब के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने इसे शहर के प्रमुख चिकित्सक डॉक्टर रोहित पांडे के एसएच हॉस्पिटल (आबादगंज) में रखने और देखभाल के लिए सौंपा।
प्रवीण लोहिया ने बताया कि अगर और कोई भी संस्था चाहेगी तो उन्हें उनके सहयोग से डेड बॉडी फ्रीजर मुहैया कराया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए पलामू चैंबर के अध्यक्ष आनंद शंकर ने संपर्क किया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से भी इसकी मांग की जा रही है। आने वाले समय में एक-दो और डीप फ्रीजर सप्लाई किए जाएंगे।
जनता को जनोपयोग इलेक्ट्रिक डेड बॉडी फ्रीजर समर्पित करते हुए लायंस क्लब के सभी सदस्य अत्यंत हर्षित थे। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के कार्यों के लिए लायंस क्लब सदैव अग्रसर रहता है। आने वाले समय में और भी जनोपयोगी कार्यक्रम लायंस द्वारा किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से इंद्रजीत सिंह डिंपल, सुधीर कुमार, समीर खन्ना, आलोक माथुर, संजय पाठक के अलावा मुक्ति संस्थान और एसएच हॉस्पिटल के डॉक्टर्स एवं सदस्य मौजूद थे।
प्रवीण लोहिया ने बताया कि मुक्ति संस्था द्वारा पूरे राज्य में विभिन्न लायंस क्लब को डेड बॉडी फ्रीजर बॉक्स उपलब्ध कराया जाता है। उस क्षेत्र के शमशान घाट के जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जाता है। संस्था द्वारा पूरे राज्य में अब तक सात डेड बॉडी फ्रीजर दिए गए हैं।