जमशेदपुर रन-ए-थॉन 20 नवंबर को, विजेताओं को मिलेगी इतनी राशि

झारखंड खेल
Spread the love

  • सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक पंजीकरण के लिए टाटा स्‍टील लगाएगी एक पौधा

जमशेदपुर। टाटा स्टील जमशेदपुर रन-ए-थॉन 2022 का आयोजन 20 नवम्बर को किया जाएगा। यह स्टील सिटी के खेलकूद कैलेंडर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। जमशेदपुर रन-ए-थॉन एक ऐसा कार्यक्रम है, जो नागरिकों में फिटनेस की भावना पैदा करने के लिए प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है। यह दो साल के अंतराल के बाद ‘फिजिकल मोड’ में हो रहा है। इसका विषय ‘फिटनेस इज फन, जस्ट रन!’ है। टाटा स्‍टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज) चाणक्य चौधरी ने 16 नवंबर को प्रेस को यह जानकारी दी।

चौधरी ने कहा, ‘हम सभी ने महामारी के बाद स्वास्थ्य एवं फिटनेस के महत्व को महसूस किया है तथा स्वस्थ जीवन की आदत को शुरू करने के लिए जमशेदपुर रन-ए-थॉन एक आदर्श कार्यक्रम है, जिसे इस मजेदार तरीके से किया जा सकता है। इस वर्ष के रूट का चयन इस बात को ध्यान में रखते हुए किया गया है कि धावक जमशेदपुर के ऐसे प्रतिष्ठित स्थानों का अनुभव करें, जहां उन्हें स्वच्छ और हरे-भरे जमशेदपुर की झलक मिलती रहे। चूंकि 2 साल के अंतराल के बाद एक फिजिकल रूप में रन-ए-थॉन हो रहा है, तो मैं जमशेदपुर के नागरिकों को अच्छी संख्या में आने और भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करता हूं।‘

जमशेदपुर रन-ए-थॉन एक ऐसा आयोजन है जिसमें न केवल सभी आयु समूहों की भागीदारी देखी जाती है, बल्कि यह एक ऐसा मंच प्रदान करता है जहां लोग फिर से युवा होने के शानदार अनुभव का आनंद ले सकते हैं।

इस साल के रूट को यह सुनिश्चित करते हुए तैयार किया गया है कि धावक सुबह की दौड़ में जमशेदपुर के प्रतिष्ठित स्थलों का अनुभव करें। इसमें हरा-भरा कदमा-सोनारी लिंक रोड, टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क, जयंती सरोवर, जुबली पार्क से लेकर द फर्नेस तक शामिल है। जमशेदपुर रन-ए-थॉन 2022 जमशेदपुर के धावकों और नागरिकों के बीच एक स्वच्छ और हरित जमशेदपुर की भावना को ताज़ा करेगा।

यह कार्यक्रम राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय तथा ओलंपिक कोचों एवं एथलीटों की विशेषज्ञता के बिना संभव नहीं है। इस कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 50 प्रोफेशल लोगों की टीम तथा 200+ स्वयंसेवक शामिल होंगे और इस आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। इस वर्ष जमशेदपुर रन-ए-थॉन का आयोजन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें झारखंड एथलेटिक्स फेडरेशन, मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड तथा डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स एसोसिएशन ईस्ट सिंहभूम की भागीदारी होगी। हमने 12 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों और खेल के प्रति उत्साही लोगों, जो रन-ए-थॉन का अनुभव करना चाहते हैं, के लिए 2 किमी की फन रन नामक एक नई श्रेणी शुरू की है । यह परिवार को भी एक टीम के रूप में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करता है।

सस्टेनेबिलिटी का ध्यान रखते हुए, टाटा स्टील शहर के हरित आवरण को और बढ़ाने के लिए इस वर्ष पहली बार प्रत्येक पंजीकरण के लिए एक पौधा लगाएगी।

इस वर्ष जमशेदपुर रन-ए-थॉन का आयोजन चार श्रेणियों में किया जा रहा है। इसमें 10 किमी. और 7 किमी. की दौड़ के लिए आयु सीमा 19 वर्ष या उससे अधिक है, जबकि 5 किमी. की श्रेणी में 16 से 19 वर्ष के बच्चे शामिल हो सकते हैं। प्रतिस्पर्धी प्रकृति की इन तीन श्रेणियों के लिए एक पुरस्कार राशि भी होगी।

उल्लेखनीय है कि इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ एथलेटिक्स फेडरेशन (आईएएएफ) द्वारा सड़क दौड़ के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृत दूरी 10 किमी. है। टाटा स्टील जमशेदपुर रन-ए-थॉन के 2022 संस्करण ने जीवन के सभी क्षेत्रों से भागीदारी को प्रोत्साहित किया है। इसमें लड़कों, लड़कियों, पुरुषों एवं महिलाओं जैसी श्रेणियों के साथ खासकर ट्रांसजेंडर एवं वरिष्ठ नागरिकों की श्रेणी भी है।