सरकार से पेंशन मिली इस्‍लाम अंसारी को, बैंक दे रहा कृष्‍णानंद पटेल को

झारखंड
Spread the love

  • बीडीओ के आदेश के बाद भी नहीं हुआ सुधार

रांची। पेंशन इस्‍लाम अंसारी की स्‍वीकृत हुई। बैंक पेंशन की राशि कुमारी कृष्‍णानंद पटेल को दे रहा है। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के आदेश के बाद भी इसमें सुधार नहीं हुआ है। यह मामला झारखंड की राजधानी रांची जिले के कांके प्रखंड का है।

कांके प्रखंड मुख्यालय की सुदूरवर्ती पंचायत राड़हा अंतर्गत मदनपुर मस्जिद टोला निवासी इस्लाम अंसारी की वृद्धावस्था पेंशन की स्‍वीकृति जून, 2021 में मिली है। मंजूरी मिलने के बाद से ही पेंशन की राशि दूसरे के खाते में ट्रांसफर हो रही है। करीब पिछले 16 माह से राशि ट्रांसफर हो रही है।

इस्लाम अंसारी को राशि दिलाने में राड़हा वार्ड संख्या 12 के मुमताज अंसारी थक चुके हैं। बताया जाता है कि बताया जाता है कि इस्‍लाम अंसारी के खाते में दूसरे का अधार कार्ड नंबर बैंक ने इंट्री कर दिया है। नतीजतन उन्‍हें पेंशन से वंचित रहना पड़ रहा है।

इस्‍लाम अंसारी

जानकारी के मुताबिक भुक्तभोगी इस्लाम अंसारी को मिलने वाली पेंशन की राशि बैंक ऑफ इंडिया की पिठोरिया शाखा के खाता (संख्या 494610110006087) में जमा हो रही है। इस्लाम अंसारी का खाता इसी बैंक शाखा में है। खाता (संख्या 494610100006087) है। इस्लाम अंसारी की माली हालत काफी खराब है।

पूर्व में कई बार इस्लाम अंसारी ने बैंक को इससे अवगत कराया था। इस पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा था। इसके बाद भुक्तभोगी ने पेंशन में अनियमितता को लेकर आवेदन दिया। तब बीडीओ शिलवंत भट्ट ने शाखा प्रबंधक को इसमें सुधार का आदेश दिया। बीडीओ के आदेश के बावजूद इस्लाम के खाते में राशि ट्रांसफर नहीं की गई।

बीडीओ ने इस बाबत बैंक ऑफ इंडिया पिठोरिया के शाखा प्रबंधक को होल्ड करते हुए इस्लाम के खाते में राशि ट्रांसफर कराने का निर्देश दिया था। इसके साथ ही गलत खाते में पेंशन की राशि वापस कराने की कार्रवाई करने की बात भी कही थी।