पूर्ण चंद्र ग्रहण कल, बरते ये सावधानियां

नई दिल्ली देश मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्‍ली। पूर्ण चंद्र ग्रहण 8 नवंबर को होगा। चंद्रोदय के समय ग्रहण भारत के सभी स्‍थानों में दिखाई देगा। हांलाकि ग्रहण की आंशिक एवं पूर्णावस्था का आरम्भ भारत के किसी भी स्थान से दिखाई नहीं देगा, क्योंकि यह घटना भारत में चंद्रोदय के पहले ही प्रारम्भ हो चुकी होगी। ग्रहण की पूर्णावस्था एवं आंशिक अवस्था दोनों ही का अंत देश के पूर्वी हिस्सों से दिखाई देगा। देश के बाकी हिस्सों से आंशिक अवस्था का केवल अंत ही दिखाई देगा।

भारतीय समय के अनुसार चंद्र ग्रहण शाम 5.20 बजे से शुरू होगा। यह शाम 6.20 बजे तक जारी रहेगा। इससे 9 घंटे पहले सूतक काल लग जाएगा। चंद्र ग्रहण रांची, हजारीबाग, गुवाहाटी, पटना सिलीगुड़ी, कोलकाता, दिल्‍ली सहित अन्‍य जगहों पर दिखाई देगा।

चंद्र ग्रहण के दौरान लोगों को कई तरह की सावधानी बरतने की जरूरत है। गर्भवती महिलाओं को खास ख्‍याल रखना चाहिए। उन्‍हें घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। ग्रहण का नकारात्मक प्रभाव बच्‍चे पर पड़ने की आशंका रहती है।

ग्रहण के दौरान गर्भवती महिलाओं को उठने-बैठने में सावधानी बरतनी चाहिए। घर में कहीं भी ताला नहीं लगाना चाहिए। बताया जाता है कि इसका असर शिशु के अंगों पर पड़ने की आशंका रहती है।

चंद्र ग्रहण के दौरान गर्भवती महिलाओं को चाकू, सुई आदि नुकीली चीजों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। गहने या किसी धातु की वस्तु जैसे सेफ्टी पिन, हेयर पिन आदि का उपयोग करने से भी बचना चाहिए। ग्रहण काल ​​में गर्भवती महिलाओं को सोने भी नहीं चाहिए। नग्न आंखों से चंद्र ग्रहण को देखने की गलती भी नहीं करनी चाहिए।

चंद्र ग्रहण के दौरान पूजा पाठ नहीं करनी चाहिए। सूतक काल में भगवान की मूर्तियों को नहीं छूना चाहिए। तुलसी के पत्ते को नहीं तोड़ना चाहिए। खाना नहीं खाना चाहिए। सोना भी नहीं चाहिए।