विवेक चौबे
गढ़वा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इससे पहले मंडल अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय के नेतृत्व में रैली निकाली गई। यह कांडी बाजार से होते हुए प्रखंड कार्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंची। वहां पहुंचकर रैली सभा में तब्दील हो गई। वहीं नुक्कड़ सभा का भी आयोजन किया गया। विरोध प्रदर्शन में शामिल भाजपाइयों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वक्ताओं ने कहा कि झारखंड में झामुमो के साथ गठबंधन की सरकार है। इस सरकार में हत्या, बलात्कार व लूट चरम पर है। पंचायत से लेकर प्रखंड कार्यालय तक भ्रष्टाचार व्याप्त है। महिला, मजदूर, किसान व बहन-बेटी सुरक्षित नहीं हैं। चारों ओर अराजकता व्याप्त है। कांडी प्रखंड मुख्यालय के सभी विभागों में भ्रष्टाचार अति व्याप्त है। कोयला, लोहा, बालू व पत्थर की लूट मची हुई है। बेरोजगार युवा भुखमरी के कगार पर है।
नेताओं ने कहा कि किसान की लाभकारी योजना को बंद कर दिया गया। किसान हित में केंद्र सरकार की योजनाओं को ससमय किसानों तक नहीं पहुंचाया जा रहा है। जन वितरण प्रणाली में घोर अनियमितता है। समय-समय पर गरीबों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने में राज्य सरकार असफल है। बाल विकास योजना में भौतिकल बच्चों को मिलने वाला पोषाहार का घोटाला किया जा रहा है।
नेताओं ने कहा कि विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई पूर्ण रूप से चौपट है। मध्याह्न भोजन में घोटाला भी किया जा रहा है। अस्पताल में एक भी एमबीबीएस डॉक्टर नहीं हैं। इलाज के अभाव में प्रतिदिन लोगों की मृत्यु हो रही है। प्रखंड में अकाल जैसी भयावह स्थिति है। अब तक कोई सुखाड़ राहत पर पहल नहीं कि गई। पिछले वर्ष का धान खरीद का पैसा किसानों का बाकी है।
इसके बाद सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अंचलाधिकारी अजय कुमार दास को ज्ञापन सौंपा। विरोध प्रदर्शन के दौरान एसआई प्रबल महतो दल-बल के साथ मुस्तैद थे।
विरोध में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामलला दुबे, सांसद प्रतिनिधि राणा ऋषिकेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, महामंत्री शशिरंजन दुबे, विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह, मणिकांत सिंह, सुजीत दुबे, सत्येंद्र चौबे, सीता राम तिवारी, विनोद प्रसाद, महिला मोर्चा अध्यक्षा अंजू देवी, दुलारी देवी, शिवकुमारी देवी सहित सैकड़ों भाजपाई शामिल थे।