दो साल के बाद भौतिक स्‍वरूप में लौटा टाटा स्टील का जमशेदपुर रन-ए-थॉन, यहां करें रजिस्‍ट्रेशन

झारखंड खेल
Spread the love

  • चार श्रेणियों में किया जाएगा आयोजन

जमशेदपुर। टाटा स्टील ने औपचारिक रूप से अपनी प्रतिष्ठित दौड़ ‘जमशेदपुर रन-ए-थॉन’ के 2022 संस्करण की शुरुआत की।  कोविड-19 महामारी के कारण दो साल के अंतराल के बाद रन-ए-थॉन का भौतिक स्वरूप फिर से शुरू हो गया है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का आयोजन 20 नवंबर, 2022 को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। इस वर्ष के दौड़ की थीम ‘फिटनेस इज फन, जस्ट रन!’ है।

टाटा स्‍टील के वाईस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज) चाणक्य चौधरी ने कहा, ‘हमें खुशी है कि हम दो साल के अंतराल के बाद टाटा स्टील रन-ए-थॉन के भौतिक प्रारूप को वापस ला रहे हैं। हमें विश्वास है कि इस आयोजन को बड़े पैमाने पर दौड़ के प्रति उत्साही लोगों और  समुदाय का समर्थन मिलेगा। यह इस शहर के खेल कैलेंडर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।‘

चौधरी ने आगे कहा कि इस संस्करण में हमने एक स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक पंजीकरण के लिए एक पौधा लगाने के लिए भी प्रतिबद्धता जाहिर की है। टाटा स्टील में खेल जीवन जीने का एक तरीका है। हम लोगों को फिर से जीवंत करने, आनंद की अनुभूति कराने और एक फिट तथा स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए ऐसे मंच प्रदान करना जारी रखेंगे।

इस वर्ष जमशेदपुर रन-ए-थॉन का आयोजन चार श्रेणियों में किया जाएगा।  जहां 10-KM और 7-KM के लिए आयु सीमा 19 वर्ष और उससे अधिक है। 5-KM की दौड़ 16 से 19 वर्ष की आयु के बच्चों और वयस्कों के लिए होगी। प्रतिस्पर्धी प्रकृति की इन तीन श्रेणियों के साथ पुरस्कार राशि भी होगी। 10-KM, इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ एथलेटिक्स फेडरेशन (IAAF) द्वारा सड़क दौड़ के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृत दूरी है।

चौथी श्रेणी ‘फन रन’, एक गैर-प्रतिस्पर्धी श्रेणी है, जिसे जमशेदपुर रन-ए-थॉन 2022 में नया शामिल किया गया है। 12 वर्ष से अधिक आयु के बच्चे और खेल प्रेमी इसमें भाग ले सकते हैं। टाटा स्टील जमशेदपुर रन-ए-थॉन के 7वें संस्करण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। यह सभी भारतीय नागरिकों के लिए खुला है। संभावित प्रतिभागी http://www.tatasteeljsr-run.com पर लॉग इन कर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर पहले 6,500 लोगों के लिए ही किया जाएगा।

ऑफलाइन ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण 17 अक्टूबर, 2022 से शुरू होगा। इच्छुक प्रतिभागी जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के एकाउंट सेक्शन में पंजीकरण कर सकते हैं। (संपर्क नंबर : 0657 6644815, 0657 2431141)। ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण सप्ताहिक दिनों में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच होगा। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 5 नवंबर, 2022 है।

जमशेदपुर रन-ए-थॉन का अंतिम भौतिक संस्करण 2019 में आयोजित किया गया था। उसमें 3 श्रेणियों में 14 भारतीय राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हुए 4500 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया था। 2020 और 2021 में निरंतरता सुनिश्चित करने और धावक समुदाय से संपर्क बनाए रखने के लिए रन-ए-थॉन के वर्चुअल फॉरमेट का आयोजन किया गया था। वर्चुअल रन के दोनों संस्करणों में 3000 से अधिक व्यक्तियों की भागीदारी देखी गयी।

टाटा स्टील में खेलों को प्रोत्साहन और समर्थन देने का सिलसिला लगभग एक सदी पहले से जारी है। यह इसकी संस्कृति का हिस्सा है। टाटा स्टील भारतीय खेलों के अग्रणी कॉर्पोरेट प्रमोटरों में से एक रही है – जिसने फुटबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, हॉकी और स्पोर्ट्स क्लाइम्बिंग के लिए अकादमियों का निर्माण किया है।

कंपनी ने पिछले कुछ वर्षों में टाटा स्टील कोलकाता 25K रन, भुवनेश्वर हाफ मैराथन और नोआमुंडी रन-ए-थॉन जैसी कई रन प्रॉपर्टीज को अपने परिचालन स्थलों पर खेल के माध्यम से समुदाय के साथ जोड़ने का काम किया है।