देवघर। झारखंड के देवघर स्थित एम्स में सिक्यूरिटी गार्ड की भर्ती होनी है। भर्ती की सारी प्रक्रिया उत्तर प्रदेश में हो रही है। इसकी सूचना भी सिक्यूरिटी सोल्यूशन सर्विसेज के सुपरवाइजर ने दी है। स्थानीय युवाओं को सभी मूल कागजात लेकर वहां बुलाया है। गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दूबे ने इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
सिक्यूरिटी एजेंसी के सुपरवाइजर अजय कुमार सिंह ने कहा है कि सिक्यूरिटी गार्ड की भर्ती 6, 7 और 8 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में की जा रही है। वहां समय पर पहुंचकर अपनी योग्यता सुनिश्चित करें।
गार्ड के लिए योग्यता इंटरमीडिएट पास बताया गया है। इंग्लिश अनिवार्य बताया गया है। उम्र 20 से 35 साल होनी चाहिए। एनसीसी में ‘सी’ सर्टिफिकेट वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।
स्थानीय युवाओं को कहा गया है सभी मूल कागजातों के साथ भर्ती स्थल पर पहुंचे। इसमें कहा गया है कि मिर्जापुर के विजयपुर पावर प्लांट में भर्ती प्रक्रिया होगी। वहां तक पहुंचाने की विस्तृत जानकारी भी दी गई है।
डॉ निशिकांत दूबे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस मामले में ट्वीट कर जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि देवघर के गरीब बच्चों के साथ यह अन्याय है। मुख्यमंत्री देवघर डीसी को ताकीद करें कि यह भर्ती प्रक्रिया देवघर में ही हो।