दुमका। झारखंड की उपराजधानी दुमका में एक और बेटी को पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराई गई है। बेटी के बेहतर इलाज के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सहायता राशि देने का फैसला भी किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक जरमुंडी थाने की भालकी पंचायत में यह घटना घटी। राजेश राउत नामक युवक ने उन्नीस वर्षीया युवती को पेट्रोल डाल जला कर मारने का प्रयास किया है। फिलहाल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दुमका में पेट्रोल से एक युवती को जलाकर मारने के मामले की आग अभी बुझी नहीं कि भालकी पंचायत में एक बेटी को पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया।
इस मामले में मरांडी ने झारखंड सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा ‘झारखंड में कानून व्यवस्था की इससे बदतर स्थिति और क्या हो सकती है? झारखंड सरकार इसका संज्ञान ले। युवती के बेहतर इलाज के लिये बिना विलंब समुचित कदम उठाये। दोषी को गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलवाये।‘
इस मामले में गोड्डा के भाजपा सांसद डॉ निशिकांत दूबे ने ट्वीट किया, ‘यह है झारखंड के मुख्यमंत्री के परिवार का जिला, पेट्रोल से जलाने की यह दूसरी घटना है, Grooming gang की बढ़ती ताकत से यह समाज में फैल रहे वहशीपन की निशानी है, लड़की के बेहतर इलाज के लिए परिजनों को तत्काल 2 लाख रुपये @BJP4Jharkhand ने देने का फैसला किया है।‘