- खाद्यान्न उठाव, निर्गत एवं वितरण में गड़बड़ी को लेकर उपायुक्त गंभीर
पलामू। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत एनएफएसए मद में अनियमितता बरतने और खाद्यान्न घोटाले मामले में उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने बड़ी कार्रवाई की है। डीसी ने हुसैनाबाद के राज्य खाद्य निगम गोदाम के सहायक गोदाम प्रबंधक सह जनसेवक अरविंद कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। जनसेवक से 16 लाख रुपये वसूलने का निर्देश भी दिया है। निलंबन अवधि में जनसेवक का मुख्यालय सदर मेदिनीनगर निर्धारित किया गया है।
उप विकास आयुक्त को दिया निर्देश
उपायुक्त ने हुसैनाबाद के प्रखंड विकास पदाधिकारी को जनसेवक सह सहायक गोदाम प्रबंधक के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करते हुए प्रपत्र ‘क’ में आरोप पत्र गठित कर एक सप्ताह के अंदर नियमानुसार अग्रसारित करने के लिए उप विकास आयुक्त को निर्देशित किया है। उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी शब्बीर अहमद को जनवेसक से 16 लाख 1 हजार 344 रुपये की वसूली करने का आदेश दिया है।
जानें क्या है पूरा मामला
हुसैनाबाद के विधायक कमलेश कुमार सिंह ने पलामू उपायुक्त से हुसैनाबाद के राज्य खाद्य निगम गोदाम के सहायक गोदाम प्रबंधक सह जनसेवक अरविंद कुमार सिंह द्वारा खाद्यान्न का घोटाला किये जाने की शिकायत की थी। कार्रवाई की मांग की थी। इसके पश्चात उपायुक्त ने हुसैनाबाद अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक संयुक्त जांच दल से पूरे मामले की जांच कराई। जांच में संधारित पंजी के अनुसार मिलान किए जाने पर 400 क्विंटल 33 किलो 600 ग्राम खाद्यान्न कम पाया गया।
जन वितरण प्रणाली दुकानदार निलंबित
जांच के बाद डीसी ने हुसैनाबाद के राज्य खाद्य निगम गोदाम के सहायक गोदाम प्रबंधक सह जनसेवक अरविंद कुमार सिंह से चार सौ क्विंटल तैंतीस किलो छह सौ ग्राम खाद्यान्न के विरुद्ध 16 लाख 1 हजार 344 रुपये वसूलने का निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी शब्बीर अहमद को दिया। ज्ञातव्य है कि उपायुक्त दोड्डे खाद्यान्नों में अनियमितता को लेकर गंभीर हैं। इसी माह 22 अक्टूबर को पांकी के कोनवाई में अंगूठा लगवा कर लाभुक को राशन नहीं देने जाने के मामले में जन वितरण प्रणाली दुकानदार अजय कुमार सिंह को भी निलंबित किया था।