उद्योगपति मुकेश अंबानी को धमकी देने वाला आरोपी बिहार में यहां से गिरफ्तार

बिहार देश
Spread the love

पटना। बड़ी खबर बिहार से आयी है। उद्योगपति मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को बिहार के दरभंगा जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुंबई पुलिस ने स्थानीय थाने की मदद से मनीगाछी के ब्रह्मपुरा गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सुनील कुमार मिश्र के बेटे राकेश कुमार मिश्र के रूप में हुई है।

राकेश मिश्र से मुंबई पुलिस पूछताछ कर रही है। राकेश के पिता सुनील कुमार मिश्र बिहार इंटर काउंसिल में कार्यरत हैं।

सूत्रों के मुताबिक स्थानीय थाने की मदद से मुंबई पुलिस सादे लिबास में आरोपी राकेश मिश्र के घर पहुंची। बुधवार शाम करीब 4 बजे जब मुंबई पुलिस के जवान राकेश मिश्र के घर पहुंचे, तो घर का मुख्य दरवाजा बंद था। पुलिस ने जब दरवाजे पर दस्तक दी, तो राकेश मिश्र ने ही दरवाजा खोला।

इसी बीच, पुलिस ने उस नंबर पर कॉल किया, जिस नंबर से मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी दी गयी थी। पुलिस ने जैसे ही नंबर डायल किया, राकेश मिश्र के मोबाइल की घंटी बजने लगी। राकेश मिश्र ने जैसे ही मोबाइल पर कॉल रिसीव किया, वहां तैनात मुंबई पुलिस के जवानों ने उसे गिरफ़्तार कर लिया। दरभंगा के एसएसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है।