यूपी में बारिश का कहर: लखनऊ- उन्नाव में गिरी दीवार, 12 की मौत, योगी ने किया ये एलान

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश से हाहाकार मचा है।राजधानी लखनऊ में भारी बारिश के चलते शुक्रवार को भीषण हादसा हो गया। यहां कैंट थानाक्षेत्र में दिलकुशा गार्डन के पास दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति घायल हो गया।

उधर, उन्नाव में भी बड़ा हादसा हो गया। यहां भारी बारिश के चलते एक घर की छत गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 घायल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ और उन्नाव की घटना पर संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने के निर्देश दिए हैं। लखनऊ कैंट के अंतर्गत दिलकुशा में ये हादसा हुआ। यहां दीवार गिरने से 9 लोगो की मौत हो गई, जिनमें 3 पुरुष, 3 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। एक व्यक्ति घायल है।

बताया जा रहा है कि ये लोग दीवार के पास सो रहे थे। अचानक दीवार गिरने से उसकी चपेट में आ गए। पुलिस- प्रशासन मौके पर बचाव कार्य में जुटा है।

उन्नाव में देर रात बारिश की वजह से एक कच्चे घर की छत गिरने तीन लोगों की मौत हो गई और एक घायल है। हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई। वहीं, तीन बच्चों की मां हादसे में घायल हो गई है।

कानपुर में जूही ब्रिज में एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। यहां लगातार हो रही बारिश के चलते जलभराव हो गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

सीएम आदित्यनाथ योगी ने लखनऊ में दीवार गिरने और उन्नाव में छत गिरने की घटना पर संज्ञान लिया है। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का एलान किया है।

इसके अलावा डीएम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी घायलों के इलाज के लिए उचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत पूर्वांचल और बुंदेलखंड इलाके में भारी बारिश से बिगड़ते हालात को देखते हुए कई जगहों पर स्‍कूल और दफ्तरों की छुट्टी कर दी गई है।

लखनऊ के डीएम सूर्य पाल गंगवार ने स्थिति को देखते हुए सभी सरकारी, गैर सरकारी, प्राइवेट स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।