सीएम गहलोत का बड़ा एलान : कांग्रेस अध्यक्ष पद का मैं लड़ूंगा चुनाव, जानें किसके हाथ होगी राजस्थान की कमान

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बड़ा बयान एलान किया है। गहलोत ने कहा कि मैं कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ूंगा। उन्होंने कहा कि मैं जल्द ही अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरूंगा।

‘भारत जोड़ो’ अभियान में शामिल होने जा रहे गहलोत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमने राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनने के लिए काफी मनाया, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।

गहलोत ने बताया कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने स्पष्ट किया है कि इस बार कांग्रेस की कमान गांधी परिवार का कोई सदस्य नहीं संभालेगा। राहुल गांधी ने कहा कि मैं पार्टी सदस्यों की भावनाओं को समझता हूं कि वो मुझे कमान सौंपना चाहते हैं, लेकिन इस बार कोई Non Gandhi ही कांग्रेस अध्यक्ष बने। वहीं गहलोत ने संकेत दिया है कि अगर वे कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो वे राजस्थान मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं।

यहां बता दें कि इससे एक दिन पहले ही, कांग्रेस अध्यक्ष पद के एक संभावित उम्मीदवार के रूप में देखे जा रहे अशोक गहलोत ने यह संकेत दिया था कि वह अध्यक्ष पद और राजस्थान के मुख्यमंत्री का पद दोनों संभाल सकते हैं।

वहीं राहुल गांधी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि एक शख्स एक ही पद संभाल सकता है। कांग्रेस का अध्यक्ष चुने जाने पर गहलोत को मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ सकता है, हालांकि इसको लेकर अभी अनिश्चितता बनी हुई कि उनके हटने पर सचिन पायलट मुख्यमंत्री होंगे या फिर गहलोत की पसंद का ही कोई नेता इस जिम्मेदारी को संभालेगा।