बिहार में कानून व्यवस्था का बुरा हाल; भाजपा ने गोलीकांड के विरोध में आज बेगूसराय बंद का किया आह्वान

बिहार देश
Spread the love

बेगूसराय। बिहार अपराध की आग में जल रहा है। बेखौफ अपराधी घंटे भर 30 किलोमीटर तक सरेराह फायरिंग कर 11 लोगों को गोली मार देते हैं और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगती। बेगूसराय में घटी इस घटना के खिलाफ बुधवार को भाजपा ने बंद का आह्वान किया है।

बता दें कि बेगूसराय में मंगलवार शाम को बाइक पर सवार दो सनकी अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसायीं। बाइक चला रहा सिरफिरा राह चलते लोगों को गोली मारता गया। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि नौ लोग घायल हो गये।

करीब सवा घंटे तक सिरफिरा बदमाश दहशत मचाता रहा। पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। भाजपा ने बेगूसराय गोलीकांड के विरोध में आज बेगूसराय बंद का आह्वान किया है। सांसद गिरिराज सिंह भी आज यानी बुधवार को बेगूसराय आने वाले हैं।

बेगूसराय गोलीकांड की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिये हैं। आखिर छह थानों को वो युवक पार कर गये और कहीं भी पुलिस उसे नहीं पकड़ पायी। जब युवक फायरिंग करके लापता हो गये, तब जाकर पुलिस की नींद खुली।

बेगूसराय में बढ़ते अपराध की घटनाएं और सनकी बदमाशों के द्वारा 10 लोगों को गोली मारने के इस घटना के विरोध में भाजपा ने बुधवार को बेगूसराय बंद का आह्वान किया है. भाजपा जिले में चक्का जाम करेगी।

भाजपा के जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने महागठबंधन सरकार पर हमला बोलते हुए अपराधियों के बेलगाम होने का आरोप लगाया है।

यहां बता दें कि बेगूसराय में अपराध बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार की घटना के बाद जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया। पुलिस अपराधियों की धर-पकड़ के लिए सघन छापेमारी कर रही है। एसपी का दावा है कि जल्द ही पुलिस इस घटना का उद्भेदन करेगी और अपराधियों को गिरफ्तार करेगी।

उधर भाजपा के कद्दावर नेता सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह भी बुधवार को बेगूसराय आने वाले हैं। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से ये जानकारी दी है।