बीते 5 दिनों से 10 हजार लोगों को नहीं मिल रहा सप्लाई पानी

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

गोमिया (बोकारो)। कौन सुनेगा। किसको सुनाएं। इसीलिए चुप रहते हैं। ये कहना है बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की हजारी पंचायत स्थित खुदगड़ा पेयजल आपूर्ति योजना के कनेक्शनधारियों का। यहां 10,000 की आबादी पिछले 5 दिनों से पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि कोई सुनने वाला नहीं है। एनजीओ को पानी सप्लाई की जिम्मेवारी दी गई है। ना तो एनजीओ और ना ही स्वच्छता समिति इस ओर ध्यान दे रहे हैं। स्पेंडर खराब होने से पानी सप्लाई बाधित है। इससे काफी परेशानी हो रही है।

स्थानीय मुखिया तारामणि भोक्ता ने कहा कि पानी सप्लाई की जिम्मेवारी एनजीओ की है। सप्लाई का कार्य सुचारू रूप से चलाना उसी की काम है। पानी की समस्या से लोगों को परेशानी हो रही है। जल्द से जल्द सुधार करने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला परिषद सदस्य आकाश लाल सिंह ने कहा कि पानी मूलभूत जरूरत है। जल ही जीवन है। अगर लोगों को पानी समय पर नहीं मिले तो रोजमर्रा के जीवन में उथल-पुथल हो जाता है। विभाग के वरीय पदाधिकारियों से बात कर समस्या का जल्द निदान किया जाएगा।