झारखंड में कई आईएएस की ट्रांसफर-पोस्टिंग, कुछ को अतिरिक्‍त प्रभार, देखें सूची

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड सरकार ने कई आईएएस की ट्रांसफर-पोस्टिंग कर दी है। कुछ को अतिरिक्‍त प्रभारी भी सौंपा गया है। इसका आदेश कार्मिक विभाग ने जारी कर दिया।

इनकी हुई है ट्रांसफर-पोस्टिंग

महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव के पद पर नियुक्त एवं पदस्थापित किया गया है। वह अगले आदेश तक अपने कार्यों के साथ अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, झारखंड ऊर्जा विकास निगम लि, रांची और प्रबंध निदेशक, झारखंड बिजली वितरण निगम लि, रांची के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।

पदस्थापन की प्रतीक्ष में रहे राहुल कुमार पुरवारको अगले आदेश तक उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव के पद पर नियुक्त एवं पदस्थापित किया गया है।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेन्स विभाग के सचिव रहे कृपानंद झा को अगले आदेश तक महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। वह अपने कार्यों के साथ सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेन्स विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।

पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहे चंद्रशेखर को अगले आदेश तक गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव के पद पर नियुक्त एवं पदस्थापित किया गया है।

आदिवासी कल्याण आयुक्त के पद पर पदस्थापित मुकेश कुमार अगले आदेश तक अपने कार्यों के साथ उपाध्यक्ष, रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।

पर्यटन निदेशक के पद पर पदस्थापित श्रीमती अंजली यादव (अतिरिक्त प्रभार परीक्षा नियंत्रक, झारखण्ड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद, रांची) अगले आदेश तक अपने कार्यों के साथ झारखंड पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेगी।

कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव के पद पर पदस्थापित अबू बक्कर सिद्दीख पी (अतिरिक्त प्रभार-सचिव, खान एवं भूतत्व विभाग) अगले आदेश तक अपने कार्यों के साथ झारखंड राज्य खनिज विकास निगम लिमिटेड के अध्‍यक्ष के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।