रांची। झारखंड की राजधानी रांची के कांके स्थित केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान (सीआईपी) में 76वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और कर्मचारी, मरीज एवं प्रशिक्षु के सांस्कृतिक की प्रस्तुति से हुई।
संस्थान के निदेशक डॉ बासुदेव दास ने आजादी के गौरवमय इतिहास के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के साथ ही भारत अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे कर रहा है।
डॉ दास ने संस्थान की प्रगति, विशेषता, नया ओपीडी, प्रशिक्षुक सीटों में बढ़ोतरी, समुदायिक क्लिनिक, टेली-परामर्श, आधुनिक मशीनों का चिकित्सा में उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि मैन पावर की कमी है, लेकिन कुछ की भर्ती कर ली गई है। कुछ की भर्ती प्रक्रिया में है, जो संस्थान के प्रगति में सहायक होगी।
निदेशक ने बताया कि संस्थान की जड़े आजादी से पहले की हैं, लेकिन आजादी के बाद यहां बहुत बदलाव हुए। यह मरीज की देखभाल, मानिसक चिकत्सा के विभिन्न पद्धतियों और नए शोध अध्ययनों में क्रांति का काम कर रहा है। इसका सारा श्रेय संस्थान से जुड़े सभी लोगों को जाता है। हमें इसी तरह चिकित्सा सेवा में आगे बढ़ते रहना है।
कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न विभाग के प्राचार्य, अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षु और मरीज शामिल हुए।