- आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम की दी चेतावनी
छतरपुर (पलामू)। शिक्षकों की लापरवाही से छतरपुर के कई इलाकों में छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। ताजा मामला छतरपुर नगर पंचायत के मदनपुर का है। यहां आंतरिक मूल्यांकन जमा नहीं होने के कारण राजकीय कृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय मदनपुर के 8वीं कक्षा के 117 बच्चे फेल हो गए हैं।
विद्यालय के एक शिक्षक ने बताया कि प्रकाशित रिजल्ट मार्जिनल जारी किया गया है। इसके लिए हेडमास्टर जिम्मेवार हैं। रिजल्ट आने के बाद स्कूल के बच्चे और अभिभावक में रोष व्याप्त है। इसकी सूचना पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अरविंद गुप्ता चुनमुन को मिली। वे तुरंत मदनपुर गांव जाकर बच्चों और उनके अभिभावकों की समस्या से अवगत हुए। तत्काल बीईओ और बीपीएम से उन्होंने बात की।

अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि हेडमास्टर को शो कॉज कर जल्द ही आंतरिक मूल्यांकन के पेपर जैक में भिजवाया जायेगा। चुनमुन ने कहा कि यह स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही है। जल्द ही परीक्षाफल सुधार कर प्रकाशित नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन होगा।
परीक्षाफल प्रकाशन की जानकारी के बाद मदनपुर बाजार में सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने स्कूल प्रबंधन एवं विद्यालय के प्राचार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर अरविंद ने यह कहा कि स्कूल में किसी भी तरह की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लोगों के अनुसार यह मामला केवल मदनपुर का नहीं है, बल्कि कई ऐसे स्कूल हैं जहां के बच्चों का भविष्य स्कूल की लापरवाही से अधर में लटक गया है।
मदनपुर में इस मौके पर जितेंद्र राम, वासुदेव राम,(पूर्व मुखिया) हरिचंद्र साव,शोभी यादव, कर्मदेव पासवान, कामेश्वर पासवान, उमेश राम,धनंजय पासवान, रामनरेश राम, करमू ठाकुर, नंदू साव, शिवनाथ साव, हरिहर साव, विमलेश साव, प्रदीप ठाकुर ,शंकर साव, रामचंद्र विश्वकर्मा, राजेश यादव, गणेश साव, सुदेश राम सहित स्कूल के दर्जनों बच्चे और सैकड़ो ग्रामीण मौजूद थे।