- नियुक्ति परीक्षा तत्काल रद्द करने का की मांग की
रांची। काथलिक पल्लीवासियों ने कांके स्थित संत जोसेफ मध्य विद्यालय और संत मरिया बालिका मध्य विद्यालय में सहायक शिक्षकों की नियुक्ति परीक्षा स्थगित करने सहित अन्य मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने 15 सूत्री मांगों को लेकर विद्यालय परिसर में तख्ती बैनर के साथ शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति में पल्ली पुरोहित को अध्यक्ष बनाया जाए। दोनों विद्यालय के जितने भी रिक्त पद है, उनमें योग्य स्थानीय काथलिक पल्लीवासी को नियुक्ति में प्राथमिकता दी जाए। विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा आगामी 6 माह में होने वाली रिक्ति की सूचना पल्ली पुरोहित को लिखित रूप से देनी होगी।
इसके अलावा संस्था के मिशन कार्यो का उद्देश्य के अनुरुप यहां के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा सहित अन्य सुविधा मिले। पल्ली की भूमि के उपयोग के एवज में पल्ली को कल्याणकारी कार्यों के लिए धन राशि उपलब्ध कराई जाए।
पल्लीवासी सुधीर एक्का ने आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों विद्यालय के रिक्त पदों की नियुक्ति में विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा भाई भतीजावाद होता है। संस्था में होने वाले भ्रष्टाचार को बर्दाशत नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुराना विद्यालय प्रबंधन समिति और चयन समिति को पुर्नगठित किया जाए।
संत जोसेफ मध्य विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर देवनीश तिग्गा के अनुसार पहली से छठी कक्षा में सहायक शिक्षकों की सेवानिवृत्ति के फलस्वरुप सरकार द्वारा स्वीकृत पद के विरुद्ध संत जोसेफ मध्य विद्यालय में 4 और संत मरिया बालिका मध्य विद्यालय में 2 टीटीसी सह डीएलएड सहायक शिक्षकों की नियुक्ति परीक्षा 28 अगस्त को सरकार की गाइडलाइन के अनुरुप होनी है।
विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर स्थानीय अखबार में विज्ञापन प्रकाशित कराया गया है। मौके पर मुखिया सुमित सुरीन, विजय कुजूर, विल्सन गुड़िया, संदीप कुजूर, सुधीर टोप्पो सहित दर्जनों पल्लीवासी मौजूद थे।