रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रादेशिक कार्यालय के तत्वावधान में रांची विश्वविद्यालय परिसर में स्थित दीक्षांत मंडप में 5 दिवसीय मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी लगाई जा रही है। इसका उद्घाटन 28 अगस्त को जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा करेंगे। यह जानकारी अपर महानिदेशक (पीआईबी-सीबीसी रांची) अखिल कुमार मिश्रा ने 27 अगस्त को प्रेस को दी।
मिश्रा ने कहा कि देश भर में मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रदर्शनी लगाई जा रही है। इसमें स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी रोचक जानकारियां मिलेगी। कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मल्टीमीडिया प्रदर्शनी में लगे एलईडी वॉल एवं प्लाजमा टीवी के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां लगातार प्रसारित की जाएगी। आयुष और योग के बारे में भी ऑडियो विजुअल द्वारा जानकारी दी जाएगी।
इस प्रदर्शनी में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा जिंगा इंडिया (Zynga India) के साथ मिलकर ऑनलाइन मोबाइल गेम्स के माध्यम से एक मजेदार डिजिटल लर्निंग अनुभव विकसित किया गया है, जिसे इस प्रदर्शनी में दर्शाया जाएगा।
आजादी क्वेस्ट ऑनलाइन मोबाइल गेम्स की एक मनोरंजक और शिक्षाप्रद सीरीज है। इसका उद्देश्य एक मजेदार गेमप्ले के माध्यम से खिलाड़ियों को भारत की स्वतंत्रता की यात्रा और भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के वीरता के बारे में अधिक जानकारी देने के लिए एक मंच प्रदान करना है।
प्रदर्शनी के दौरान आयुष स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी सिद्ध और होम्योपैथी (आयुष) से संबंधित स्टॉल भी लगाया जा रहा है।
इस मौके पर विभाग के द्वारा कोरोना किट एवं आवश्यक दवाइयों का भी वितरण किया जाएगा। मौके पर पोस्ट ऑफिस, बैंक और एलआईसी के स्टॉल्स द्वारा जनोपयोगी योजनाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी।