रांची। झारखंड के प्रारंभिक विद्यालयों में माह के तीसरे शनिवार को छुट्टी रहेगी। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र चौबे, महासचिव राममूर्ति ठाकुर व मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने बताया कि राज्य के प्राथमिक और मध्य विद्यालय के शिक्षकों के माह के तीसरे शनिवार को अवकाश रहेगा। सचिव स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने पत्र जारी कर दिया है।
पदधारियों ने बताया कि 16 दिसंबर, 2021 को अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ और शिक्षा सचिव राजेश शर्मा के बीच वार्ता हुई। इसमें बनी सहमति बनी थी। इसके अनुसार माह के तीसरे शनिवार को विद्यालयों में अवकाश घोषित करने का पत्र निर्गत हुआ। संघ के अथक प्रयास से ही पत्र जारी हुआ है। संघ पत्र जारी होने पर सचिव स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का आभार व्यक्त किया है।
इससे पूर्व विभाग के निर्देश पर प्रत्येक शनिवार को कार्यवधि तीन घंटे तीस मिनट से बढ़ाकर छह घंटे कर दी गई थी। इस पर संघ ने आपत्ति करते हुए केंद्रीय विद्यालयों की भांति प्रत्येक शनिवार को छह घंटे कार्यवधि के बदले माह के तीसरे शनिवार को अवकाश घोषित करने की मांग की थी, जिसपर विभाग ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी।