सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में झारखंड के 8 खिलाड़ी लेंगे हिस्‍सा

झारखंड खेल
Spread the love

रांची। वाको इंडिया सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में झारखंड के 8 खिलाड़ी हिस्‍सा लेंगे। इसका आयोजन चेन्नई में किया जा रहा है। इसे लेकर झारखंड अमाच्यौर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग संघ की बैठक 14 अगस्‍त को झारखंड की राजधानी रांची के बोधराज इंटरनेशनल होटल में हुई। रांची जिला किकबॉक्सिंग संघ ने इसे आयोजित कि‍या था। मौके पर रांची, गुमला, रामगढ़, धनबाद, सरायकेला के सचिव मौजूद थे।

मौके पर खिलाड़ियों को पुष्पगुच्‍छ और झारखंड किकबॉक्सिंग का टी शर्ट देकर सम्मान किया गया। झारखंड किकबॉक्सिंग के अध्यक्ष बीसी ठाकुर ने खिलाड़ियों को बधाई दी। बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्‍होंने कहा कि‍ संघ सुचारू रूप से खिलाड़ियों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए काम कर रहा है।

झारखंड किकॉक्सिंग संघ के महासचिव बिपुल मिश्र ने बताया कि‍ इस बार सीनियर नेशनल में जीतने वाले खिलाड़ी रियाद में होने वाले वर्ल्ड कॉम्बैट गेम्स और एशियन इंदौर गेम्स में हिस्‍सा लेंगे। यह थाईलैंड में होने वाला है। चुने हुए खिलाड़ियों का खर्च वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन उठाएगा।

झारखंड किकबॉक्सिंग के कोषाध्यक्ष और रांची जिला के सचिव एमडी इबरार कुरैशी ने खिलाड़ियों के नाम की घोषणा की। इसमें आरती कुमारी, काजल कुमारी, चंद्र प्रकाश उपाध्याय, सत्यम कुमार, अपूर्व मुखर्जी, रंजीत राय और प्रवीण कुमार हैं। सह-सचिव प्रदीप प्रामाणिक और रिंग समिति के चेयरमैन प्रवीण कुमार मौजूद थे। टीम के कोच एमडी इबरार कुरैशी झारखंड का नेतृत्व करेंगे।