राष्‍ट्रपति चुनाव : यशवंत सिन्‍हा ने मानी हार, द्रौपदी मुर्मू को दी जीत की बधाई

नई दिल्ली देश मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्‍ली। राष्‍ट्रपति चुनाव के मतों की गिनती जारी है। एनडीए से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने तीसरे दौर की मतगणना के बाद कुल वैध मतों का 50% का आंकड़ा पार कर लिया है। विपक्ष के प्रत्‍याशी यशवंत सिन्‍हा ने हार मान ली। उन्‍होंने द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई दी। द्रौपदी मुर्मू के पैतृक स्थान ओडिशा के रायरंगपुर में लोग जश्न मना रहे हैं।

राज्‍यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया कि द्रौपदी मुर्मू ने 3,78,000 के वैल्‍यू के साथ 540 वोट हासिल किए हैं। यशवंत सिन्हा ने 1,45,600 के वैल्‍यू के साथ 208 वोट हासिल किए हैं। कुल 15 वोट अवैध थे। ये संसद (वोट) के आंकड़े हैं।

राज्‍यसभा महासचिव ने बताया कि तीसरे दौर की मतगणना में कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा और पंजाब शामिल हैं। इस दौर में कुल वैध मत 1,333 हैं। इनकी कुल वैल्यू 1,65,664 है। द्रौपदी मुर्मू को 812 वोट मिले, यशवंत सिन्हा को 521 वोट मिले।

विपक्ष के उम्‍मीदवार यशवंत सिन्‍हा ने कहा कि मैं राष्ट्रपति चुनाव 2022 में द्रौपदी मुर्मू को उनकी जीत पर बधाई देता हूं। देश को उम्मीद है कि गणतंत्र के 15वें राष्ट्रपति के रूप में वे बिना किसी भय या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी।