रांची। रथ यात्रा के पावन अवसर पर राज्यपाल रमेश बैस एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 1 जुलाई को रांची धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा, भाई बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना की। राज्यपाल ने महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना कर देश एवं राज्य की खुशहाली, सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की।
भगवान जगन्नाथ सभी पर आशीर्वाद बनाए रखें
राज्यपाल ने कहा कि विधिवत मंत्रोच्चार के साथ आज प्रभु जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के चरणों में पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भगवान जगन्नाथ सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें। राज्यपाल ने राज्यवासियों को रथ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
झारखंड विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाप्रभु जगन्नाथ से राज्यवासियों की सुख, समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना करते हुए सभी को रथ यात्रा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महाप्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना किया कि प्रभु का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। झारखंड विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे। मौके पर पंडित श्री राजेश्वर एवं श्री मदन ने विधिवत पूजा का कार्य संपन्न कराया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री, सांसद सहित ये भी मौजूद थे
इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, विधायक नवीन जायसवाल, विधायक राजेश कच्छप, जगन्नाथ मंदिर के प्रथम सेवक सुधांशु नाथ शाहदेव सहित अन्य गणमान्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।