कर्नाटक। पूरी दुनिया में आज आठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक के मैसूर में योग किया। इस साल इसकी थीम ‘योगा फॉर ह्यूमैनिटी’ यानी मानवता के लिए योग रखी गई है।
मैसूर में योग के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योग अब एक वैश्विक पर्व बन गया है। योग किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं, संपूर्ण मानवता के लिए है। बकौल मोदी, भारत में हम इस बार योग दिवस एक ऐसे समय पर मना रहे हैं जब देश अपनी आजादी के 75वें वर्ष का पर्व मना रहा है, अमृत महोत्सव मना रहा है।
PM मोदी ने कहा कि योग दिवस की ये व्यापकता, ये स्वीकार्यता भारत की उस अमृत भावना की स्वीकार्यता है जिसने भारत के स्वतंत्रता संग्राम को ऊर्जा दी थी। मोदी ने कहा कि हम कितने तनावपूर्ण माहौल में क्यों न हों, कुछ मिनट का ध्यान हमें राहत देता है, हमारी उत्पादकता बढ़ा देता है।