चाईबासा। शर्मनाक खबर पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड स्थित प्रतिष्ठित तारा पब्लिक स्कूल से आयी है। प्राचार्य नरेंद्र दत्ता पर सात नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़छाड़ शारीरिक शोषण का आरोप लगा है। पीड़ित बच्चियों ने प्रिंसिपल के खिलाफ गलत हरकत करने का आरोप लगाते हुए गोइलकेरा थाना में मामला दर्ज कराया है।
इस मामले में शनिवार को चाईबासा कोर्ट में पीड़ित बच्चियों का 164 के तहत बयान दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्राचार्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि पहले थाने ने एफआइआर करने से इनकार कर दिया था, लेकिन एसपी को मामले की जानकारी देने के बाद शुक्रवार देर रात प्राचार्य के खिलाफ भादवि की धारा 354 और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी प्राचार्य नरेंद्र दत्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सभी पीड़ित नाबालिग छात्राओं ने कहा है कि तारा पब्लिक स्कूल के प्राचार्य नरेंद्र दत्ता पिछले करीब एक महीने से हॉस्टल में रहनेवाली छात्राओं के साथ गलत हरकत कर रहे थे। प्रिंसिंपल रोज एक छात्रा को बुला कर अश्लील वीडियो दिखाते थे और कपड़े उतार कर शरीर से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करते थे। एक्स्ट्रा क्लास और ट्यूशन के बहाने प्राचार्य बच्चियों को घर नहीं जाने देते थे।
यहां तक कि प्राचार्य ने बच्चियों को परिजनों को गर्मी की छुट्टी में भी उन्हें घर ले जाने नहीं दिया था। एक छात्रा के परिजन जब उसे घर ले गये, तो छात्रा ने प्राचार्य की हरकतों की जानकारी दी।