ये बैंक है सरकारी, यहां काम करने का तरीका जानकर हो जाएंगे हैरान

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। यह सरकारी बैंक है। यहां काम करने का अलग तरीका है। इसे जानकार लोग हैरान हो जा रहे हैं। इससे खाताधारी परेशान हैं। उनका रोष बढ़ता जा रहा है। हालांकि खाताधारकों की परेशानी से कर्मियों को कोई लेना-देना नहीं है।

जिले के सेन्‍हा प्रखंड मुख्यालय में बैंक ऑफ इंडिया संचालित है। यह इलाके का एकमात्र बैंक है। यहां कर्मचारियों की मनमानी देखने को मिल रही है। यहां पैसा निकालने आये ग्रामीण क्षेत्र के खाताधारकों को खाली हाथ लौट जाना पड़ रहा है। इससे खाताधारियों में रोष नजर आ रहा है।

खाताधारकों ने बताया कि वे 100 से 150 रुपये किराया देकर सुदूर ग्रामीण इलाकों से वे बैंक आते हैं। पैसा निकालने के लिये लाइन में घंटों खड़े रहते हैं। बैंक कर्मियों द्वारा समय से पहले बैंक का गेट बंद कर लेन-देन का कार्य रोक दिया जाता है।

खाताधारकों की मानें तो लेन-देन का समय खत्‍म होने के बाद गेट खोल दिया जाता है। फिर कहा जाता है कि लेन-देन का समय खत्‍म हो चुका है। पैसा निकालना हो तो दूसरे दिन आएं। आये दिन बैंक कर्मियों द्वारा यही रवैया अपनाया जा रहा है।

इस संदर्भ में प्रभारी बैंक प्रबंधक दीप्ति सिंह, कैशियर अमित कुमार और सी प्रसाद राय ने कहा कि बैंक का समय 10 बजे से 3.30 बजे तक है। इस बीच आने वाले खाताधारक से लेन-देन किया जा सकता है। इसके बाद किसी से भी लेन देन नहीं किया जायेगा। समय सारणी की जानकारी मांगने पर चुप्पी साध लिये।